जयपुर में राजस्थान पुलिस अकादमी (आरपीए) में राजस्थान पुलिस सेवा बेसिक प्रशिक्षण बैच-59 के उद्घाटन समारोह का आयोजन 6 जुलाई 2026 को किया जाएगा। समारोह में राजस्थान के महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और नवप्रशिक्षु अधिकारियों का मार्गदर्शन करेंगे।

समारोह का शुभारंभ प्रातः 11:00 बजे मुख्य अतिथि के आगमन के साथ होगा। इसके बाद राजस्थान पुलिस अकादमी के निदेशक श्री संजीव कुमार नार्जारी द्वारा मुख्य अतिथि का ग्रीन वेलकम किया जाएगा तथा स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया जाएगा। इसके उपरांत महानिदेशक पुलिस (प्रशिक्षण) श्री अनिल पालीवाल प्रशिक्षण की भूमिका तथा राजस्थान पुलिस के भावी नेतृत्व को लेकर अपने विचार व्यक्त करेंगे।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा का संबोधन होगा। अपने उद्बोधन में वे नवप्रशिक्षु आरपीएस अधिकारियों को पुलिस सेवा के मूल्यों, अनुशासन, नेतृत्व, व्यावसायिक दक्षता तथा जनसेवा की भावना के संबंध में मार्गदर्शन देंगे और प्रशिक्षण के विभिन्न आयामों पर अपने विचार साझा करेंगे।

कार्यक्रम के अंत में अतिरिक्त निदेशक श्री शंकर दत्त शर्मा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करेंगे। इसके पश्चात राजस्थान पुलिस अकादमी के निदेशक द्वारा मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट किया जाएगा।

राजस्थान पुलिस सेवा बेसिक प्रशिक्षण बैच-59 का यह उद्घाटन समारोह नवचयनित अधिकारियों के प्रशिक्षण जीवन की औपचारिक शुरुआत का महत्वपूर्ण अवसर होगा। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को आधुनिक पुलिसिंग, कानून व्यवस्था, अपराध अनुसंधान, साइबर अपराध नियंत्रण, नेतृत्व क्षमता तथा व्यवहारिक पुलिस कार्यप्रणाली का व्यापक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

Next Story