राजस्थान में ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक के दूसरे दिन पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत को लेकर पुलिस मुख्यालय एवं राजस्थान पुलिस अकादमी में विशेष गतिविधियां आयोजित की गईं। पुलिस मुख्यालय में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और कार्मिकों ने मिशन लाइफ के तहत पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया, जबकि राजस्थान पुलिस अकादमी के सभी भवनों की बिजली आधे घंटे तक बंद रखकर ऊर्जा संरक्षण का संदेश दिया गया।

01 से 07 नवम्बर, 2026 तक आयोजित ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक के दूसरे दिन सोमवार को ऊर्जा संरक्षण पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया। इस दौरान पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) श्री संजय अग्रवाल ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों एवं कार्मिकों को ‘मिशन लाइफ-लाइफस्टाइल फॉर एनवायरनमेंट’ की शपथ दिलाई। वहीं, राजस्थान पुलिस अकादमी में ऊर्जा बचत के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।

पुलिस मुख्यालय के ग्राउंड फ्लोर स्थित पश्चिम चौक में आयोजित शपथ कार्यक्रम में महानिदेशक पुलिस श्रीमती मालिनी अग्रवाल सहित अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस वीके सिंह, श्री रुपिंदर सिंघ, श्री बिपिन कुमार पाण्डेय, श्री संजीब कुमार नार्जरी, श्री एस. सेंगाथिर, भूपेंद्र साहू एवं श्री हवा सिंह घुमरिया शामिल हुए। इनके साथ पुलिस मुख्यालय में कार्यरत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और मंत्रालयिक कार्मिकों ने भी पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली।

शपथ के दौरान सभी ने पर्यावरण की रक्षा, प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग, अपशिष्ट में कमी लाने और दैनिक जीवन में सतत जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

इसी क्रम में राजस्थान पुलिस अकादमी में ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक के दूसरे दिन को ऊर्जा संरक्षण दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर अकादमी के सभी भवनों की विद्युत आपूर्ति आधे घंटे के लिए बंद रखी गई। इसके साथ ही अकादमी के कार्मिकों एवं प्रशिक्षुओं को अपने घरों में अनावश्यक रूप से जल रही लाइटें और अन्य विद्युत उपकरणों के स्विच बंद रखने के लिए जागरूक किया गया। उन्हें ऊर्जा का विवेकपूर्ण उपयोग करने का संदेश देने के साथ ऊर्जा संरक्षण के प्रति सजग रहने की शपथ भी दिलाई गई।

पुलिस मुख्यालय और राजस्थान पुलिस अकादमी में आयोजित इन गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग और ऊर्जा बचत को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया गया। ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक के तहत आयोजित कार्यक्रमों ने सतत एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

Next Story