महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के उद्देश्य से राजस्थान पुलिस का महिला सुरक्षा संकल्प अभियान पूरे प्रदेश में प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार 1 जुलाई से 29 जुलाई 2026 तक चलने वाले इस राज्यव्यापी अभियान के तहत सभी पुलिस जिलों में व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान के दौरान अब तक लगभग 1.5 लाख महिलाओं एवं बालिकाओं से सीधा संवाद किया गया है, जबकि उत्कृष्ट कार्य करने वाली 1,588 महिला वॉलंटियर्स को सम्मानित किया गया।

अभियान के प्रभावी संचालन के लिए कम्युनिटी पुलिसिंग से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता मीना तथा सिविल राइट्स शाखा से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नविता खोखर को राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। दोनों अधिकारी सभी जिलों के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान की विभिन्न गतिविधियों का संचालन सुनिश्चित कर रही हैं। इसी क्रम में जिला स्तर पर आयोजित महा-संवाद कार्यक्रमों में पूरे प्रदेश से लगभग 1.5 लाख महिलाओं एवं बालिकाओं की भागीदारी दर्ज की गई।

महिला सुरक्षा को सामाजिक दायित्व के रूप में मजबूत करने के उद्देश्य से 1,588 उत्कृष्ट महिला वॉलंटियर्स को सम्मानित किया गया। इनमें सुरक्षा सखी, महिला सीएलजी, राजीविका, आंगनवाड़ी, आशा सहयोगिनी तथा विभिन्न गैर सरकारी संगठनों (NGO) से जुड़ी महिलाएं शामिल रहीं, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने और महिलाओं की समस्याओं के त्वरित समाधान में पुलिस का सहयोग किया।

अभियान के तहत केवल जागरूकता कार्यक्रम ही नहीं, बल्कि विभिन्न स्तरों पर बहुआयामी गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं। 1 जुलाई को प्रदेशभर में सम्पर्क सभाओं के माध्यम से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को महिला अपराधों के प्रति त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान बीट स्कीम, कालिका पेट्रोलिंग एसओपी, पोक्सो एक्ट तथा नए कानूनों की जानकारी दी गई। साथ ही आत्मरक्षा प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी बालिकाओं, छात्राओं और गृहणियों के साथ ऑनलाइन संवाद स्थापित कर उनके अनुभव साझा किए गए।

अभियान के अंतर्गत 8 जुलाई 2026 को प्रत्येक जिले में सुरक्षा सखी, राजीविका, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, साथिन, एनसीसी, एनएसएस तथा छात्राओं सहित 3000 से 5000 महिला वॉलंटियर्स के साथ जनसंवाद आयोजित किया गया। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।

राजस्थान पुलिस वंचित क्षेत्रों तक भी अभियान को पहुंचा रही है। स्थानीय पुलिस स्लम एरिया, ईंट-भट्टों, फैक्ट्रियों, निर्माण स्थलों पर कार्यरत महिला श्रमिकों तथा कच्ची बस्तियों में पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, सुरक्षा नियमों और वन स्टॉप क्राइसिस सेंटर की जानकारी दे रही है। वहीं वरिष्ठ जन संबल सीनियर्स नॉट अलोन योजना के तहत बीट अधिकारी और थानाधिकारी अकेले रहने वाले बुजुर्ग दंपतियों तथा एकल बुजुर्ग महिलाओं के घर जाकर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं।

अभियान को परिणामोन्मुखी बनाने के लिए जिला पुलिस अधीक्षकों को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। कालिका पेट्रोलिंग यूनिट और एंटी रोमियो स्क्वाड सिटी बसों, पर्यटक स्थलों, कॉलेजों, स्कूलों, मॉल्स और पार्कों सहित चिन्हित हॉटस्पॉट्स पर सादा वस्त्रों में डिकॉय ऑपरेशन चलाकर मनचलों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं। इसके अलावा 22 जुलाई को जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालयों में महिला एवं बाल विकास, परिवहन, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित 15 से अधिक विभागों के साथ अंतर्विभागीय बैठक आयोजित कर महिला सुरक्षा को लेकर साझा रणनीति तैयार की जाएगी।

राजस्थान पुलिस ने आमजन से महिला सुरक्षा और सम्मान को सामाजिक दायित्व मानते हुए अभियान से जुड़ने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में महिला गरिमा हेल्पलाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, साइबर सुरक्षा हेल्पलाइन 1930, महिला हेल्पलाइन 181 तथा तत्काल शिकायत दर्ज कराने और उसकी स्थिति ट्रैक करने के लिए राजकॉप सिटिजन एप का उपयोग किया जा सकता है। अभियान के समापन अवसर पर 29 जुलाई 2026 को पूरे प्रदेश में विशाल पैदल मार्च और जागरूकता रैलियों का आयोजन किया जाएगा, जिसके माध्यम से महिला सुरक्षा और जनभागीदारी का संदेश व्यापक स्तर पर पहुंचाया जाएगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story