महानिदेशक पुलिस राजस्थान श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में प्रदेशभर में संचालित 'महिला सुरक्षा संकल्प' एवं सामुदायिक पुलिसिंग अभियान के तहत राजस्थान पुलिस लगातार समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचकर सुरक्षा, विश्वास और जागरूकता का संदेश दे रही है। इसी क्रम में अजमेर में वरिष्ठ नागरिकों से आत्मीय संवाद स्थापित किया गया, जबकि जयपुर के ज्योति नगर थाना क्षेत्र की कच्ची बस्तियों में महिलाओं एवं बच्चों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

अजमेर जिले में पुलिस अधीक्षक श्री हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन में संचालित 'वरिष्ठ जन संबल कार्यक्रम' के तहत पुलिस अधिकारियों ने एकाकी रह रहे वरिष्ठ नागरिकों एवं बुजुर्ग दंपत्तियों के घर पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान उनकी समस्याएं सुनी गईं और उन्हें हरसंभव पुलिस सहायता का भरोसा दिलाया गया। अधिकारियों ने वरिष्ठ नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी देने के साथ आपातकालीन हेल्पलाइन 112, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा महिला हेल्पलाइन 1090 के बारे में भी अवगत कराया। साथ ही सुरक्षित जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए गए। पुलिस की इस संवेदनशील पहल से वरिष्ठ नागरिकों में सुरक्षा और आत्मीयता की भावना और मजबूत हुई।

उधर, जयपुर पुलिस के थाना ज्योति नगर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (SIUCAW) जिज्ञासा पूनिया एवं थानाधिकारी गुंजन सोनी के नेतृत्व में कच्ची बस्ती में महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण, गुड टच-बैड टच, साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, महिला एवं बाल अधिकारों तथा आपातकालीन हेल्पलाइन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही महिलाओं और बच्चों को किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न अथवा साइबर ठगी की स्थिति में बिना झिझक पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।

राजस्थान पुलिस का यह अभियान केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के कमजोर एवं संवेदनशील वर्गों तक पहुंचकर उनमें सुरक्षा, विश्वास और पुलिस के प्रति अपनत्व की भावना विकसित करने का भी सशक्त प्रयास है। वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और बच्चों ने पुलिस की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए इसे समाज और पुलिस के बीच विश्वास की मजबूत कड़ी बताया।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story