राजस्थान पुलिस की ‘विधि दर्पण’ पहल: अनुसंधान और अभियोजन में मिलेगी कानूनी मार्गदर्शन की नई दिशा
राजस्थान पुलिस ने अनुसंधान और अभियोजन प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के लिए ‘विधि दर्पण’ पुस्तिका प्रकाशित की है। डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने प्रथम अंक का विमोचन किया। जानिए इसमें सुप्रीम कोर्ट और राजस्थान हाईकोर्ट के कौन से महत्वपूर्ण निर्णय शामिल हैं।

जयपुर, 16 नवंबर। राजस्थान पुलिस ने अनुसंधान अधिकारियों को कानूनी प्रावधानों और न्यायिक फैसलों की व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए ‘विधि दर्पण’ पुस्तिका का प्रकाशन शुरू किया है। उच्चतम न्यायालय और राजस्थान उच्च न्यायालय के महत्वपूर्ण चयनित निर्णयों को समाहित करने वाली यह पुस्तिका पुलिस अनुसंधान और अभियोजन प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, विधिसम्मत तथा न्यायिक अपेक्षाओं के अनुरूप बनाने में मार्गदर्शक की भूमिका निभाएगी।
पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने सोमवार को पुलिस मुख्यालय में पुस्तिका के प्रथम अंक का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ‘विधि दर्पण’ पुलिस अधिकारियों के लिए अनुसंधान, साक्ष्य संकलन और अभियोजन प्रक्रिया में उपयोगी संदर्भ सामग्री साबित होगी।
पुस्तिका को चार प्रमुख भागों में विभाजित किया गया है। इसके पहले भाग में उच्चतम न्यायालय के महत्वपूर्ण निर्णयों का संकलन किया गया है। इनमें गिरफ्तारी के आधार लिखित रूप में देना अनिवार्य होने, अग्रिम अनुसंधान के लिए मजिस्ट्रेट की अनुमति आवश्यक होने, दीवानी विवाद और छल के अपराध तथा पहचान के साक्ष्य एवं शिनाख्त परेड से जुड़े न्यायिक निर्णय शामिल हैं।
दूसरे भाग में राजस्थान उच्च न्यायालय के उन महत्वपूर्ण निर्णयों को स्थान दिया गया है, जो अनुसंधान में न्यायिक हस्तक्षेप की सीमा, अवरोधन के सुरक्षा उपायों और एफआईआर से संबंधित हैं। तीसरे भाग में अनुसंधान अधिकारियों के लिए उपयोगी आठ आधारभूत एवं स्मरणीय निर्णय संकलित किए गए हैं। वहीं, चौथे भाग में व्यावहारिक संदर्भ सामग्री प्रकाशित की गई है, जिसमें अनुसंधान अधिकारियों के दैनिक कार्य में उपयोग किए जा सकने वाले महत्वपूर्ण बिंदु शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त, पुस्तिका में नवीन और प्राचीन कानूनों की समतुल्य धाराओं की सारणी दी गई है। साथ ही दंड प्रक्रिया संहिता और भारतीय न्याय संहिता की महत्वपूर्ण धाराओं का भी उल्लेख किया गया है। इसमें पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा, सीआईडी-सीबी महानिरीक्षक पुलिस एवं पुस्तिका की प्रधान संपादक के. बी. वंदना तथा उप महानिरीक्षक पुलिस (अपराध शाखा) राशि डोगरा डूडी के विशेष आलेख भी प्रकाशित किए गए हैं।
राजस्थान पुलिस की ओर से ‘विधि दर्पण’ का प्रकाशन प्रत्येक तीन माह में किया जाएगा। इससे अनुसंधान अधिकारियों को न्यायिक निर्णयों, कानूनी प्रावधानों और व्यावहारिक प्रक्रियाओं की जानकारी एक ही संदर्भ पुस्तिका में उपलब्ध होगी।
विमोचन कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के साथ डीजी (कानून व्यवस्था) संजय अग्रवाल, डीजी (स्पेशल ऑपरेशन) आनंद श्रीवास्तव, डीजी (ट्रैफिक) मालिनी अग्रवाल, एडीजी (क्राइम) बिपिन पाण्डेय सहित सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

