राजस्थान पुलिस: जयपुर में पर्यटकों की मदद कर पेश की मिसाल
जयपुर घूमने आए पर्यटकों की मदद करते हुए राजस्थान पुलिस ने बिछड़े बच्चे को मिलाया और खोया हुआ पर्स लौटाया।

तस्वीर में जयपुर में राजस्थान पुलिस का पर्यटन सहायता बल जंतर मंतर के पास खोया हुआ पर्स पर्यटक को सौंपते हुए नजर आ रहा है।
जयपुर में राजस्थान पुलिस के पर्यटन सहायता बल ने तीन अलग-अलग मामलों में पर्यटकों को समय पर मदद पहुंचाकर सुरक्षा और सेवा की मिसाल पेश की। आमेर में भीड़ के बीच बिछड़े बच्चे को उसके पिता से मिलाने, ट्रेन छूटने के बाद मुंबई से आए पर्यटकों की आगे की यात्रा में सहयोग करने और जंतर मंतर पर खोया पर्स लौटाने की कार्रवाई से पर्यटकों ने पर्यटन पुलिस के प्रति आभार जताया। हैदराबाद, मुंबई और राजस्थान के पर्यटकों ने वीडियो संदेश जारी कर पुलिस की सहायता की सराहना की।
राजस्थान में देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा और सहायता के लिए तैनात राजस्थान पुलिस का पर्यटन सुरक्षा बल (Tourist Assistance Force) पर्यटकों की जरूरतों के अनुसार मदद उपलब्ध करा रहा है। इन तीनों मामलों में पुलिसकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पर्यटकों को राहत पहुंचाई।
आमेर में भ्रमण के दौरान हैदराबाद से जयपुर घूमने आए अहमद नदीमुद्दीन का बेटा भीड़ में बिछड़ गया था। इसकी सूचना मिलने पर पर्यटन पुलिस की महिला कार्मिकों ने तत्परता से बच्चे की तलाश शुरू की और उसे सकुशल उसके पिता से मिलवा दिया। बेटे के मिलने पर भावुक नदीमुद्दीन ने पुलिस टीम को बार-बार धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने बहुत अच्छी सेवा दी और वे बहुत खुश हैं।
दूसरे मामले में मुंबई से आए पर्यटकों की ट्रेन छूट गई थी। किसी भी ट्रेन में स्थान उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें आगे की यात्रा को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे में पर्यटन पुलिस की कार्मिक रीतू और पर्यटन पुलिस टीम ने उनकी हरसंभव मदद की। टीम ने आगे की यात्रा के लिए आवश्यक संपर्क करने और ट्रेन टिकट की व्यवस्था करवाने में सहयोग दिया। साथ ही पर्यटकों की सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा। पर्यटकों ने बताया कि बाहर से आने के कारण उन्हें स्थानीय जानकारी नहीं थी। ऐसे में पर्यटन पुलिस की टीम का सहयोग उनके लिए बेहद मददगार साबित हुआ।
तीसरे मामले में गुरुवार, 22 अक्टूबर को दोपहर करीब 3 बजे जंतर मंतर के टिकट काउंटर के पास एक पर्यटक का पर्स खो गया था। पर्यटन पुलिसकर्मियों ने पर्स की तलाश की और उसे मिलने के बाद पर्यटक को बुलाकर सौंप दिया। पर्स वापस मिलने पर पर्यटक ने राजस्थान पुलिस और पर्यटन पुलिस के प्रति गर्व व्यक्त किया। उन्होंने राज्य सरकार से ऐसे पुलिसकर्मियों को सम्मानित किए जाने की अपेक्षा भी जताई।
राजस्थान आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए पर्यटन सहायता बल सदैव तत्पर है। पर्यटकों की ओर से मिले विश्वास और संतोष से टीम का मनोबल बढ़ता है। पर्यटन पुलिस ने आगे भी इसी समर्पण के साथ पर्यटकों की सहायता जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई है।
पर्यटकों की सहायता के लिए टूरिस्ट पुलिस स्टेशन, जयपुर के संपर्क नंबर 0141-2600336 और सीयूजी नंबर 8764868070 हैं। इसके अलावा पर्यटक कंट्रोल रूम के नंबर 0141-2388438 और 0141-2388430 पर भी संपर्क कर सकते हैं।

