राजस्थान पुलिस के जवान अब फ्रेंच में करेंगे पर्यटकों से बात, अल्बर्ट हॉल पर दिखा असर
जयपुर और जोधपुर के 22 पुलिसकर्मियों को विदेशी पर्यटकों से संवाद सुधारने और सुगम सहायता देने के लिए एक माह की ट्रेनिंग दी जा रही है।

जयपुर के अल्बर्ट हॉल म्यूजियम के बाहर फ्रेंच भाषा का प्रशिक्षण ले रहे टीएएफ जवान के साथ बातचीत करते फ्रांसीसी पर्यटक।
जयपुर में राजस्थान पुलिस के जवानों को विदेशी पर्यटकों से बेहतर संवाद करने के लिए फ्रेंच भाषा का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। महानिदेशक पुलिस राजस्थान श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार शुरू किए गए इस विशेष कार्यक्रम के तहत 22 पुलिसकर्मियों और पर्यटन सहायता बल (TAF) के जवानों को एक माह का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के 15 दिन पूरे होने के बाद इसका असर अल्बर्ट हॉल म्यूजियम के पास देखने को मिला, जहां TAF के एक जवान ने फ्रांसीसी पर्यटकों से फ्रेंच भाषा में बातचीत की।
राजस्थान आने वाले अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को सुगम, सुरक्षित और मित्रवत माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह विशेष भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसके तहत पर्यटन सहायता बल (TAF), जयपुर कमिश्नरेट और जोधपुर कमिश्नरेट के कुल 22 चयनित जवानों एवं अधिकारियों को फ्रेंच भाषा सिखाई जा रही है। इस प्रशिक्षण में टूरिस्ट थानों, पुलिस लाइन्स और अन्य कार्यालयों के कर्मी भी शामिल हैं। जवानों को फ्रेंच भाषा का प्रशिक्षण देने के लिए पेशेवर फ्रेंच शिक्षकों की सेवाएं ली जा रही हैं, ताकि वे विदेशी पर्यटकों से सीधे संवाद कर सकें और उनकी सहायता करने में अधिक सक्षम बनें।
अल्बर्ट हॉल म्यूजियम के पास फ्रांसीसी पर्यटकों से हुई बातचीत इस प्रशिक्षण का व्यावहारिक उदाहरण बनी। 15 दिनों का प्रशिक्षण पूरा करने के बाद TAF के एक जवान ने फ्रेंच भाषा में पर्यटकों से संवाद किया। भाषा सीख रहे जवान ने अभ्यास के तौर पर उनसे उनकी उम्र, परिचय और यात्रा के अनुभवों के बारे में बातचीत की। इस दौरान विभागीय मानकों के अनुसार वीडियो बनाते समय केवल पर्यटकों के साथ संवाद पर ध्यान केंद्रित किया गया। जवान से फ्रेंच भाषा में बातचीत कर विदेशी पर्यटक काफी प्रभावित और खुश नजर आए।
राजस्थान पुलिस महानिदेशक श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशों के तहत भाषा प्रशिक्षण के साथ पर्यटन पुलिसिंग को भी मजबूत करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस की ओर से पर्यटकों के लिए एक समर्पित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म तैयार किया जा रहा है, जिसमें वेब पेज और इंस्टाग्राम पेज शामिल होंगे। इसके माध्यम से अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के साथ पुलिस के सकारात्मक कार्यों और पर्यटकों की मदद के लिए किए जा रहे प्रयासों को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
फ्रेंच भाषा प्रशिक्षण और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की यह पहल राजस्थान आने वाले अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के साथ संवाद और सहायता व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से की जा रही है। एक माह के इस विशेष पाठ्यक्रम के जरिए पुलिसकर्मियों को भाषाई रूप से दक्ष बनाने और पर्यटन पुलिसिंग के ढांचे को अधिक प्रभावी तथा पेशेवर बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

