राजस्थान पुलिस ने रचा नया अध्याय, देश की पहली पुलिस पोलो टीम का हुआ शुभारंभ
राजस्थान पुलिस ने खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए देश की पहली पुलिस पोलो टीम तैयार की। राजस्थान पुलिस अकादमी में डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने टीम और उद्घाटन मैच का शुभारंभ किया, जिसमें ब्लू टीम 6-2 से जीती।

तस्वीर में राजस्थान पुलिस अकादमी के हॉकी ग्राउंड में पोलो मैच के दौरान खिलाड़ी घोड़ों पर सवार होकर कौशल का प्रदर्शन करते हुए नजर आ रहे हैं।
राजस्थान पुलिस में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में अभिनव पहल करते हुए खेलों के दायरे में अब पोलो को भी शामिल किया गया है। राजस्थान पुलिस ने देश की पहली पुलिस पोलो टीम तैयार की है। देश में पहली बार किसी राज्य पुलिस ने अपनी पोलो टीम बनाई है।
महानिदेशक पुलिस राजस्थान श्री राजीव कुमार शर्मा की अभिनव पहल के तहत राजस्थान पुलिस अकादमी में गुरुवार को पुलिस पोलो टीम का उद्घाटन समारोह आयोजित हुआ। डीजीपी श्री शर्मा ने बॉल रोलिंग कर पुलिस पोलो टीम और उद्घाटन मैच का शुभारंभ किया। उद्घाटन मुकाबले के साथ टीम के सफर की शुरुआत हुई।
राजस्थान पुलिस अकादमी के हॉकी ग्राउंड में टीम रेड और टीम ब्लू के बीच पोलो मुकाबला खेला गया। मुकाबले में घोड़ों की रफ्तार और खिलाड़ियों के कौशल ने रोमांच बढ़ाया। पुलिस पोलो टीम के खिलाड़ियों ने मैदान पर जोश, कौशल और शानदार तालमेल का प्रदर्शन किया। घुड़सवारी, खेल कौशल और टीम भावना का संगम पोलो मैच में देखने को मिला।
मुकाबले में टीम रेड से जितेंद्र सिंह, मयूर गज सिंह, विजय और देवेंद्र ने हिस्सा लिया, जबकि टीम ब्लू से अजय सिंह, शुभम गुप्ता, राजेश कुमार और डूंगर सिंह मैदान में उतरे। उद्घाटन मैच में टीम ब्लू ने टीम रेड को 6-2 से हराया।
समारोह में डीजीपी यातायात मालिनी अग्रवाल सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। पुलिस खेलों में पोलो को शामिल करने और देश की पहली पुलिस पोलो टीम तैयार करने के साथ राजस्थान पुलिस ने खेल क्षेत्र में नया अध्याय जोड़ा है।

