महिला सुरक्षा संकल्प अभियान: राजस्थान पुलिस ने 7,834 अकेली बुजुर्ग महिलाओं व दंपत्तियों तक पहुंचाया सुरक्षा का भरोसा
राजस्थान पुलिस के ‘महिला सुरक्षा संकल्प’ अभियान के तहत 7,834 अकेली बुजुर्ग महिलाओं और बुजुर्ग दंपत्तियों से घर-घर जाकर संपर्क किया गया। उदयपुर, धौलपुर और झालावाड़ की पहलें चर्चा में रहीं। जानिए अभियान के दौरान पुलिस ने कैसे सुरक्षा, कानूनी अधिकार और भरोसे का संदेश पहुंचाया।

तस्वीर में राजस्थान पुलिस के अधिकारी और कर्मी बुजुर्ग महिलाओं एवं दंपत्तियों से घर-घर जाकर संवाद करते और उनकी समस्याएं सुनते हुए नजर आ रहे हैं।
जयपुर, 23 जुलाई। महानिदेशक पुलिस राजस्थान श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में संचालित ‘महिला सुरक्षा संकल्प’ अभियान के तहत राजस्थान पुलिस ने प्रदेशभर में विशेष जनसंपर्क एवं सुरक्षा अभियान चलाकर 7,834 एकल बुजुर्ग महिलाओं तथा अकेले रह रहे बुजुर्ग दंपत्तियों के घर पहुंचकर उनसे आत्मीय मुलाकात की। पुलिस अधिकारियों और थाना स्तर के पुलिसकर्मियों ने वरिष्ठ नागरिकों का कुशलक्षेम जाना, उनकी समस्याएं सुनीं, सुरक्षा संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी ली और हर परिस्थिति में पुलिस सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
यह विशेष अभियान राजस्थान पुलिस के स्थायी आदेश के अनुरूप संचालित किया गया। इसका उद्देश्य एकाकी जीवन व्यतीत कर रहे वरिष्ठ नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना, उन्हें पुलिस से जोड़ना तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें त्वरित सहायता उपलब्ध कराना है।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने वरिष्ठ नागरिकों से आत्मीय संवाद स्थापित कर उनकी व्यक्तिगत एवं पारिवारिक समस्याओं की जानकारी ली। साथ ही उन्हें महिला सुरक्षा संकल्प अभियान, साइबर अपराधों से बचाव, महिला सुरक्षा संबंधी उपायों तथा आपातकालीन हेल्पलाइन 112, 1930 और 1090 के बारे में भी जानकारी दी गई।
जिलेवार आंकड़ों के अनुसार अभियान के तहत करौली में सर्वाधिक 960, जोधपुर शहर पश्चिम में 580, सवाई माधोपुर में 493, अजमेर में 458, बाड़मेर में 320, बालोतरा में 283, भीवाड़ी में 244, खैरथल-तिजारा में 217 तथा कोटा ग्रामीण में 211 बुजुर्ग महिलाओं एवं बुजुर्ग दंपत्तियों से पुलिस ने संपर्क किया। वहीं जयपुर ग्रामीण में 186, सीकर में 167, डीग में 163, राजसमंद में 159, सिरोही में 157, कोटा शहर में 150, टोंक एवं बूंदी में 143-143 सहित प्रदेश के सभी जिलों में पुलिस ने घर-घर पहुंचकर वरिष्ठ नागरिकों से संवाद किया।
प्रदेशभर में एक साथ संचालित इस अभियान के माध्यम से हजारों परिवारों तक राजस्थान पुलिस का ‘सुरक्षा, सम्मान और विश्वास’ का संदेश पहुंचा। वरिष्ठ नागरिकों और उनके परिजनों ने पुलिस की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए इसे पुलिस और समाज के बीच विश्वास मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।
उदयपुर में अकेली रहने वाली एक बुजुर्ग महिला ने पुलिस को बताया कि उन्हें आशंका थी कि बेटे के नहीं होने के कारण उनकी मृत्यु के बाद रिश्तेदार उनके मकान पर कब्जा कर सकते हैं। इस पर पुलिस अधीक्षक स्वयं उनके घर पहुंचे, उनसे आत्मीय मुलाकात की और उन्हें संपत्ति एवं कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। महिला ने भावुक होकर कहा, “आज मुझे तसल्ली मिली है कि कोई मेरे मकान पर कब्जा नहीं कर सकेगा।”
उदयपुर में ही अभियान के दौरान पुलिस टीम सेवानिवृत्त कर्नल और उनकी पत्नी, जो अकेले रह रहे हैं, के घर कुशलक्षेम पूछने पहुंची। बिना किसी शिकायत के पुलिस को अपने घर आया देखकर दंपती ने आश्चर्य और प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह केवल औपचारिक मुलाकात नहीं, बल्कि बुजुर्गों के प्रति राजस्थान पुलिस की मानवीय सोच और संवेदनशीलता का परिचायक है। इस पहल से उनका पुलिस पर भरोसा और अधिक मजबूत हुआ।
धौलपुर के सरमथुरा थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के कारण अलग रह रहे बुजुर्ग नथुआ राम मीना की पुलिस ने काउंसलिंग कराकर सम्मानपूर्वक घर वापसी कराई। पुलिस के प्रयास से उनके पुत्र और परिजनों ने बुजुर्ग की देखभाल, सम्मान तथा भविष्य में उपेक्षा नहीं करने का भरोसा दिलाया। लंबे समय बाद परिवार का साथ मिलने पर बुजुर्ग के चेहरे पर खुशी लौट आई।
झालावाड़ जिले के प्रत्येक थाने में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष शिकायत रजिस्टर संधारित किया गया है। शिकायत मिलने पर संबंधित बीट अधिकारी प्रत्येक 15 दिन में बुजुर्ग से व्यक्तिगत अथवा दूरभाष के माध्यम से संपर्क कर उनकी कुशलक्षेम और शिकायत की स्थिति की जानकारी लेते हैं। आवश्यकता होने पर पुलिस तत्काल संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करती है। इस पहल से बुजुर्गों में सुरक्षा, सम्मान और पुलिस पर विश्वास की भावना मजबूत हुई है।
महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि राजस्थान पुलिस कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, सम्मान और विश्वास के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा संकल्प अभियान इसी प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है, जिसके माध्यम से पुलिस और समाज के बीच विश्वास एवं सहभागिता को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पुलिस की भूमिका केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के कमजोर, अकेले और जरूरतमंद नागरिकों तक स्वयं पहुंचकर उनकी सुरक्षा का भरोसा कायम करना भी पुलिस की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि राजस्थान पुलिस भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी अभियानों के माध्यम से महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा उन्हें सुरक्षित, सम्मानजनक एवं भरोसेमंद वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी। अभियान ने प्रदेशभर में वरिष्ठ नागरिकों तक पुलिस की पहुंच, संवेदनशीलता और सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश मजबूत किया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
