राजस्थान की 23.32 लाख बेटियों को मिलेगी आत्मरक्षा की ट्रेनिंग, 36,765 स्कूलों में चलेगा अभियान
राजस्थान की 23.32 लाख बेटियों को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देने के लिए पुलिस और शिक्षा विभाग ने एमओयू किया है। प्रदेश के 36,765 सरकारी स्कूलों में रानी लक्ष्मीबाई कार्यक्रम के तहत छात्राओं को सुरक्षा के गुर सिखाए जाएंगे।

राजस्थान पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारी जयपुर में आत्मरक्षा प्रशिक्षण एमओयू दस्तावेज दिखाते हुए।
राजस्थान में बेटियों की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए पुलिस विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश की 23.32 लाख बालिकाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देने के लिए राजस्थान पुलिस और शिक्षा विभाग ने हाथ मिलाया है। इसके तहत प्रदेश के 36,765 सरकारी स्कूलों में रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जाएगा। इस संबंध में महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा की मौजूदगी में राजस्थान पुलिस और शिक्षा विभाग के बीच एमओयू हुआ।
एमओयू पर एडीजी कम्युनिटी पुलिसिंग श्रीमती लता मनोज कुमार और स्कूल शिक्षा परिषद की राज्य परियोजना निदेशक डॉ. रश्मि शर्मा ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर डीआईजी, क्राइम दीपक भार्गव भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के तहत कक्षा 6 से 12 तक की प्रत्येक बालिका को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य छात्राओं को मुश्किल परिस्थितियों में अपनी सुरक्षा करने के लिए आवश्यक कौशल और आत्मविश्वास प्रदान करना है। प्रशिक्षण के दौरान बालिकाओं को आत्मरक्षा के विभिन्न तरीके सिखाए जाएंगे। इसके साथ ही उन्हें महिला सुरक्षा हेल्पलाइन और आपातकालीन सहायता सेवाओं के उपयोग की जानकारी भी दी जाएगी।
इस कार्यक्रम को प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों तक पहुंचाने के लिए राजस्थान पुलिस विभाग 11,701 ब्लॉक स्तरीय विद्यालयों के शिक्षकों को प्रशिक्षित करेगा। प्रशिक्षित शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों में छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देंगे। इस व्यवस्था के माध्यम से प्रदेश के सभी 36,765 सरकारी विद्यालयों में कार्यक्रम का संचालन किया जाएगा।
रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम में बालिकाओं के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ ही बाल अधिकारों और जेंडर जागरूकता से जुड़े विषयों को भी प्रशिक्षण का हिस्सा बनाया जाएगा।
राजस्थान पुलिस और शिक्षा विभाग की इस संयुक्त पहल का मुख्य लक्ष्य सुरक्षित स्कूलों का निर्माण, बेटियों को सशक्त बनाना और उन्हें आत्मनिर्भर भविष्य के लिए तैयार करना है। प्रदेश की 23.32 लाख बालिकाओं तक आत्मरक्षा प्रशिक्षण पहुंचाने की यह योजना स्कूल स्तर पर बालिका सुरक्षा और जागरूकता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

