राजस्थान पुलिस का बड़ा नशा नष्टीकरण अभियान, हजारों किलो मादक पदार्थ और 1.16 लाख गोलियां नष्ट
राजस्थान पुलिस ने सभी जिलों में अभियान चलाकर हजारों किलो मादक पदार्थ और 1.16 लाख से अधिक नशीली गोलियां नियमानुसार नष्ट कीं।

राजस्थान पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 13 अगस्त 2026 को प्रदेश के सभी जिलों में एक साथ व्यापक नशा नष्टीकरण अभियान चलाकर विभिन्न थानों के मालखानों में जब्त अवैध मादक पदार्थों का नियमानुसार निस्तारण किया। महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में एनडीपीएस एक्ट की धारा 52ए में निर्धारित विधिक प्रक्रिया एवं प्रावधानों की पालना की गई।
यह कार्रवाई केंद्रीय गृह मंत्री भारत सरकार तथा केंद्र और राज्य स्तरीय एनकोर्ड बैठकों में दिए गए निर्देशों की पालना में की गई। अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) द्वारा की गई।
प्रदेश के विभिन्न जिलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों के निस्तारण के दौरान 4,981.043 किलोग्राम गांजा, 301.864 किलोग्राम गांजे के पौधे और 400 नग गांजे के पौधे नष्ट किए गए। इसके अलावा 40,471.83 किलोग्राम डोडा-पोस्त, 31.67 किलोग्राम अफीम तथा 243.68 किलोग्राम अफीम के पौधे और 115 नग अफीम के पौधे भी नष्ट किए गए।
कार्रवाई में 37.05 किलोग्राम हेरोइन, 3.59 किलोग्राम चरस, 8.23 किलोग्राम एमडी, 0.64 किलोग्राम एमडीएमए, 0.84 किलोग्राम ब्राउन शुगर और 5.29 किलोग्राम स्मैक का भी निस्तारण किया गया। इसके साथ ही 183.15 लीटर कोडिन बेस कफ सिरप, विभिन्न प्रकार की 1,16,446 नशीली टेबलेट, 50.34 किलोग्राम विभिन्न प्रकार की टेबलेट तथा 573.65 किलोग्राम अन्य ड्रग्स नष्ट किए गए।
राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स राज्य में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई को समन्वित एवं प्रभावी बनाने के साथ-साथ जब्त मादक पदार्थों के निस्तारण की प्रक्रिया की भी मॉनिटरिंग कर रही है। जिलों में निस्तारण की कार्रवाई निर्धारित विधिक प्रक्रिया के अनुसार और समयबद्ध रूप से पूरी हो, इस पर विशेष ध्यान दिया गया।
राजस्थान पुलिस का यह व्यापक अभियान मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई के साथ जब्त मादक पदार्थों के सुरक्षित और नियमानुसार निस्तारण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रहा।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
