तपती धूप और लू के तीखे थपेड़ों के बीच राजस्थान पुलिस ने अपने जवानों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए एक संवेदनशील और प्रभावी पहल शुरू की है। महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर राज्यभर के कांस्टेबलों को 5 लाख ओआरएस (ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्ट) पैकेट्स वितरित किए जाएंगे, जिससे ड्यूटी के दौरान डिहाइड्रेशन और लू के प्रभाव से उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

इस जनहितकारी अभियान में रोटरी क्लब मुंबई से जुड़े प्रवासी राजस्थानी, झुंझुनूं मूल के आशीष पोद्दार का महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हो रहा है। उनकी पहल और संवेदनशीलता के चलते पुलिस जवानों को यह राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।

पूरे अभियान की कमान डीआईजी प्रशिक्षण शरद चौधरी के नेतृत्व में संचालित की जा रही है। उनके मार्गदर्शन में यह राहत सामग्री राज्य के 12 पुलिस ट्रेनिंग सेंटरों के साथ-साथ राजस्थान से बाहर संचालित 4 प्रशिक्षण केंद्रों तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही रेंज आईजी के माध्यम से प्रत्येक कांस्टेबल तक इसकी प्रभावी उपलब्धता सुनिश्चित करने की व्यवस्था की गई है।

योजना के अनुसार प्रत्येक जवान को 10-10 ओआरएस पैकेट्स दिए जाएंगे, ताकि भीषण गर्मी में लंबी ड्यूटी के दौरान वे स्वयं को हाइड्रेट और सुरक्षित रख सकें। विशेष रूप से यातायात, कानून-व्यवस्था, गश्त और सार्वजनिक ड्यूटी में तैनात जवानों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

अभियान की शुरुआत के तहत पहली खेप सोमवार को राजस्थान पुलिस अकादमी में पहुंच चुकी है, जिसमें 90 हजार ओआरएस से भरे पैकेट्स शामिल हैं। इन पैकेट्स को उतारकर प्रशिक्षण केंद्रों तक पहुंचाने की प्रक्रिया तेज़ी से जारी है। मंगलवार को दूसरी खेप में भी 90 हजार पैकेट्स पहुंचने की संभावना है, जबकि अगले 5 से 7 दिनों में अतिरिक्त सप्लाई भी प्राप्त होने की उम्मीद है।

डीआईजी शरद चौधरी ने बताया कि प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। ऐसे हालात में पुलिस मुख्यालय की यह पहल न केवल स्वास्थ्य सुरक्षा का महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि ड्यूटी पर तैनात जवानों के लिए वास्तविक अर्थों में “राहत की ठंडी फुहार” साबित हो रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story