पुलिस शहीद दिवस 2025: जयपुर में मुख्य समारोह, शहीद जवानों को श्रद्धांजलि
राजस्थान पुलिस अकादमी और त्रिमूर्ति सर्किल पर मुख्य समारोह आयोजित होंगे, देश के लिए प्राण न्योछावर करने वाले जवानों को दी जाएगी श्रद्धांजलि।

21 अक्टूबर को देशभर में पुलिस शहीद दिवस श्रद्धापूर्वक मनाया जाएगा। मातृभूमि और समाज की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों के अदम्य साहस और बलिदान को याद करते हुए जयपुर में राजस्थान पुलिस अकादमी (आरपीए) के शहीद स्थल और त्रिमूर्ति सर्किल स्थित पुलिस स्मारक पर मुख्य समारोह आयोजित होंगे। इस दौरान शहीद पुलिसकर्मियों को पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी जाएगी। जयपुर सहित प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर भी श्रद्धांजलि कार्यक्रमों के साथ रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण और साफ-सफाई जैसे सेवा कार्य आयोजित किए जाएंगे।
पुलिस शहीद दिवस का आयोजन 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक की अवधि में देश और समाज की रक्षा करते हुए शहीद हुए पुलिसकर्मियों के शौर्य और बलिदान को नमन करने के लिए किया जा रहा है। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि 21 अक्टूबर भारतीय पुलिस इतिहास में सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है। 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के अत्यंत दुर्गम क्षेत्र में भारतीय पुलिस के जवानों ने मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे। उन अमर जवानों की शहादत से प्रेरणा लेने और ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों को याद करने के लिए हर वर्ष देशभर में यह दिवस मनाया जाता है।
जयपुर में मुख्य समारोह सुबह 8 बजे राजस्थान पुलिस अकादमी के शहीद स्मारक पर आयोजित होगा। डीजीपी राजीव कुमार शर्मा शहीद पुलिसकर्मियों को गार्ड ऑफ ऑनर देकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद उनका संक्षिप्त उद्बोधन होगा। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (प्रशासन एवं कानून व्यवस्था) वी.के. सिंह ने बताया कि गार्ड ऑफ ऑनर और परेड में आयुक्तालय जयपुर, चौथी बटालियन और पांचवीं बटालियन आरएसी की एक-एक प्लाटून शामिल होगी।
समारोह में डीजीपी रैंक से सेवानिवृत्त एक पुलिस अधिकारी, जयपुर स्थित सेवानिवृत्त अराजपत्रित पुलिस अधिकारी, ज्वाइंट डायरेक्टर आईबी और पुलिस अधीक्षक एनआईए को आमंत्रित किया गया है। जयपुर में तैनात पुलिस विभाग के सभी आईपीएस और आरपीएस अधिकारी भी समारोह में शामिल होंगे।
राजस्थान पुलिस अकादमी में कार्यक्रम संपन्न होने के तुरंत बाद जवाहरलाल नेहरू मार्ग स्थित त्रिमूर्ति सर्किल के पुलिस स्मारक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यहां डीजीपी राजीव कुमार शर्मा शहीद पुलिसकर्मियों को पुष्प चक्र अर्पित करेंगे।
श्रद्धांजलि कार्यक्रमों के साथ पुलिस विभाग सेवा गतिविधियां भी आयोजित करेगा। राजस्थान पुलिस अकादमी और जिला पुलिस लाइनों में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे, जबकि सभी पुलिस कार्यालयों में साफ-सफाई की जाएगी। शहीदों की स्मृति में आरपीए और जयपुर की सभी पुलिस लाइनों में वृक्षारोपण होगा। जयपुर जिले के किसी शहीद पुलिसकर्मी के निकट परिजन से पौधारोपण करवाया जाएगा। संबंधित पौधे पर अमर शहीद के नाम की तख्ती भी लगाई जाएगी।
जयपुर के अलावा प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर पुलिस लाइन या शहीद स्मारक में पुलिस शहीद दिवस मनाया जाएगा। रेंज मुख्यालयों पर संबंधित आईजी या डीआईजी और अन्य जिला मुख्यालयों पर पुलिस अधीक्षक सलामी देंगे। इन आयोजनों में आरएसी, प्रशिक्षण केंद्र, जोन ऑफिस सहित पुलिस की सभी शाखाओं और इकाइयों के कार्मिक शामिल होंगे। संबंधित जिलों के शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को भी आमंत्रित किया जाएगा।
पुलिस शहीद दिवस पर आयोजित होने वाले ये कार्यक्रम कर्तव्य निर्वहन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों की स्मृति को सम्मान देने के साथ उनके साहस और समर्पण को याद करने का अवसर होंगे।

