जयपुर, 24 सितंबर। राजस्थान पुलिस में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सीधी भर्ती 2024 के पे-लेवल-2 के पदों पर चयनित 353 अभ्यर्थियों के जिला, यूनिट एवं कार्यालय आवंटन की प्रक्रिया ऑफलाइन काउंसलिंग के माध्यम से पूरी की जाएगी। पुलिस मुख्यालय में 6 से 9 अक्टूबर 2026 तक होने वाली इस काउंसलिंग के लिए चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि और समय पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होना होगा।

उप महानिरीक्षक पुलिस, भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड मनोज कुमार ने बताया कि प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय विभाग, राजस्थान, जयपुर के निर्देशों की पालना में चयनित अभ्यर्थियों के लिए ऑफलाइन काउंसलिंग आयोजित की जा रही है। काउंसलिंग के माध्यम से पे-लेवल-2 के विभिन्न पदों पर जिला, यूनिट एवं कार्यालय का आवंटन किया जाएगा।

पुलिस मुख्यालय में 6 अक्टूबर से 9 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक इन-पर्सन काउंसलिंग होगी। यह प्रक्रिया पुलिस मुख्यालय के प्रथम तल स्थित कमरा नंबर 102 एवं 103 में आयोजित की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के दौरान चपरासी, फर्रास, जलधारी, चौकीदार, वार्डबॉय एवं स्वीपर सहित पे-लेवल-2 के विभिन्न पदों के लिए जिला, यूनिट एवं कार्यालय का आवंटन किया जाएगा।

कुल 353 चयनित अभ्यर्थियों में गैर अनुसूचित क्षेत्र यानी नॉन-टीएसपी के 324 अभ्यर्थी, अनुसूचित क्षेत्र यानी टीएसपी के 28 अभ्यर्थी और सहरिया क्षेत्र का एक अभ्यर्थी शामिल है। इन अभ्यर्थियों के लिए जिला एवं यूनिट आवंटन की प्रक्रिया निर्धारित काउंसलिंग के माध्यम से पूरी होगी।

पुलिस विभाग की ओर से काउंसलिंग से संबंधित विज्ञप्ति, कार्मिक विभाग की 17 अक्टूबर 2024 की अधिसूचना के अनुसार प्राथमिकता एवं वरीयता क्रम की सूची, रिक्त पदों की स्थिति, विकल्प प्रपत्र का प्रारूप, तिथिवार उपस्थित होने वाले अभ्यर्थियों का विवरण तथा काउंसलिंग संबंधी दिशा-निर्देश पुलिस विभाग की वेबसाइट https://police.rajasthan.gov.in पर उपलब्ध कराए गए हैं।

पुलिस मुख्यालय ने चयनित अभ्यर्थियों को निर्देश दिए हैं कि वे ऑफलाइन काउंसलिंग के लिए अपनी निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक रूप से उपस्थित हों। अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के दौरान पुलिस विभाग की ओर से जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा।

उप महानिरीक्षक मनोज कुमार ने यह भी बताया कि पुलिस विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पे-लेवल-2 के रिक्त पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया के बाद शेष 295 अभ्यर्थियों के आवेदन-पत्र प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय विभाग, राजस्थान, जयपुर को वापस लौटाए जा चुके हैं। इस तरह चयनित 353 अभ्यर्थियों के जिला, यूनिट एवं कार्यालय आवंटन के लिए 6 से 9 अक्टूबर तक होने वाली काउंसलिंग नियुक्ति प्रक्रिया का अगला महत्वपूर्ण चरण होगी।

Next Story