नशे के खिलाफ जागरूकता और राष्ट्रीय एकता का संदेश लेकर निकली राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली बुधवार शाम जयपुर के ऐतिहासिक आमेर पहुंची। राजस्थान पुलिस बैंड की स्वरलहरियों के बीच रैली में शामिल राइडर्स का पुष्पवृष्टि और तिलक लगाकर स्वागत किया गया। उप महानिरीक्षक पुलिस श्रीमती श्वेता धनकड़ ने राइडर्स का अभिवादन करते हुए उन्हें गुलाबी नगरी में आने पर स्वागत किया। रैली का अगला चरण गुरुवार, 22 अक्टूबर को सुबह 10 बजे रामनिवास बाग स्थित अल्बर्ट हॉल से शुरू होगा, जहां राजस्थान के पुलिस महानिदेशक श्री राजीव कुमार शर्मा हरी झंडी दिखाकर राइडर्स को रवाना करेंगे।

‘FIGHT AGAINST DRUGS’ थीम पर निकाली जा रही यह राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय एकता दिवस परेड के तहत निकाली जा रही है। इसमें केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, विभिन्न केंद्रीय पुलिस संगठनों और राज्य पुलिस के राइडर्स भाग ले रहे हैं। रैली का उद्देश्य युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ राष्ट्रीय एकता का संदेश देना है।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस कानून एवं व्यवस्था श्री वी.के. सिंह ने बताया कि रैली राजस्थान में कोटपूतली-बहरोड़ जिले के रास्ते प्रवेश कर जयपुर, अजमेर, चित्तौड़गढ़ और उदयपुर होते हुए गुजरात की ओर बढ़ेगी। जयपुर में 21 अक्टूबर को ऐतिहासिक आमेर किले पर रैली का स्वागत किया गया। इसके बाद 22 अक्टूबर को सुबह 10 बजे अल्बर्ट हॉल, रामनिवास बाग से डीजीपी श्री राजीव कुमार शर्मा रैली को हरी झंडी दिखाकर अजमेर के लिए रवाना करेंगे।

रैली में सीआरपीएफ, बीएसएफ, एनआईए, आरपीएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, सीआईएसएफ, एनएसजी और एसएसबी सहित विभिन्न बलों के 250 राइडर्स शामिल हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 22 अक्टूबर को रैली जयपुर से अजमेर पहुंचेगी। 23 अक्टूबर को चित्तौड़गढ़ होते हुए उदयपुर पहुंचेगी, जबकि 24 अक्टूबर को उदयपुर से गांधीनगर की ओर प्रस्थान करेगी।

रैली के स्वागत और रवानगी स्थलों पर नशे के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों और आमजन के साथ संवाद किया जाएगा। रैली के ठहराव स्थलों पर एनजीओ, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के अधिकारियों, एनसीसी-एनएसएस के सदस्यों और विद्यार्थियों की भागीदारी से नशे के दुष्प्रभावों पर चर्चा होगी।

रैली के सफल संचालन के लिए उप महानिरीक्षक पुलिस, आर्म्ड बटालियन श्रीमती श्वेता धनकड़ को राजस्थान का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। संबंधित जिलों में पुलिस अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। रैली के निर्धारित मार्ग पर सुरक्षा, यातायात, एस्कॉर्ट, पार्किंग और आपातकालीन सहायता की व्यवस्थाएं की जा रही हैं। प्रत्येक जिले में आरपीएस स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में कंट्रोल रूम स्थापित कर रैली की निगरानी की जाएगी।

जयपुर में रैली के सुगम संचालन के लिए यातायात पुलिस ने विस्तृत रूट चार्ट तैयार किया है। 22 अक्टूबर को रैली के राइडर्स तीन अलग-अलग स्थानों से पायलट वाहनों के साथ अल्बर्ट हॉल, रामनिवास बाग पहुंचेंगे। यहां सुबह 10 बजे डीजीपी श्री राजीव कुमार शर्मा हरी झंडी दिखाकर रैली को अजमेर के लिए रवाना करेंगे।

चतुर्थ बटालियन आरएसी कैंप से रवाना होने वाला दल रामगढ़ रोड, सड़वा मोड़, मानबाग, धोबीघाट सर्किल, गलता गेट चौराहा, दिल्ली रोड, टी.पी. नगर, गुरुद्वारा मोड़, घाटगेट चौराहा, सांगानेरी गेट और रामनिवास बाग चौराहा होते हुए अल्बर्ट हॉल पहुंचेगा। इस दल की पायलटिंग पुलिस निरीक्षक (यातायात शिक्षा) श्री रामकृपाल मीणा करेंगे।

पांचवीं बटालियन आरएसी कैंप से रवाना होने वाला दूसरा दल दिल्ली रोड, टी.पी. नगर, गुरुद्वारा मोड़, घाटगेट चौराहा, सांगानेरी गेट और रामनिवास बाग चौराहा होते हुए अल्बर्ट हॉल पहुंचेगा। इस मार्ग पर पुलिस निरीक्षक (यातायात पूर्व चतुर्थ) श्री दुर्गाप्रसाद पायलटिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे।

तीसरा दल राजस्थान पुलिस अकादमी से रवाना होकर आरपीए मोड़, पानीपेच तिराहा, चिंकारा तिराहा, कलेक्ट्री सर्किल, खासाकोठी, गवर्नमेंट हॉस्टल चौराहा, एम.आई. रोड, यादगार तिराहा और रामनिवास बाग चौराहा होते हुए अल्बर्ट हॉल पहुंचेगा। इस दल की पायलटिंग निरीक्षक (यातायात उत्तर चतुर्थ) श्री कैलाश चंद मीणा करेंगे।

अल्बर्ट हॉल से रवाना होने के बाद रैली रामनिवास बाग के पिछले गेट, त्रिमूर्ति सर्किल, जे.डी.ए. चौराहा, रामबाग चौराहा और अंबेडकर सर्किल होते हुए भारत जोड़ो सेतु एलिवेटेड रोड से आगे बढ़ेगी। इसके बाद रैली श्याम नगर सब्जी मंडी, पुरानी चुंगी, निर्माण नगर, 200 फुट चौराहा, कमला नेहरू नगर पुलिया, भांकरोटा और बगरू होते हुए आयुक्तालय की सीमा यानी अजमेर रोड तक पहुंचेगी। इस पूरे मार्ग पर पायलटिंग की जिम्मेदारी श्री रामकृपाल मीणा संभालेंगे।

नशे के खिलाफ जागरूकता, युवाओं से संवाद और राष्ट्रीय एकता का संदेश लेकर आगे बढ़ रही यह रैली 22 अक्टूबर को जयपुर से अजमेर के लिए रवाना होगी। राजस्थान पुलिस ने रैली के निर्धारित मार्ग पर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और आपातकालीन सहायता सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं, ताकि रैली का संचालन तय कार्यक्रम के अनुसार किया जा सके।


Next Story