राजस्थान पुलिस की सीआईडी क्राइम ब्रांच ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो साल से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी सुरेन्द्र साहू को झारखंड के पलामू जिले के हरिहरगंज से गिरफ्तार किया है। आरोपी बालोतरा जिले के सिणधरी थाना क्षेत्र में दर्ज 261 किलोग्राम डोडा पोस्त तस्करी के मामले में वांछित था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह अपनी पहचान छिपाकर लगातार ठिकाने बदल रहा था और हरिहरगंज क्षेत्र की एक तेल मिल में छिपकर रह रहा था। आरोपी पर राजस्थान सहित कई राज्यों में मादक पदार्थ तस्करी का नेटवर्क संचालित करने का आरोप है।

जयपुर, 21 नवंबर। महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार राजस्थान पुलिस की सीआईडी क्राइम ब्रांच ने यह कार्रवाई की। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (अपराध शाखा) श्री बिपिन कुमार पाण्डेय के निर्देशन में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। महानिरीक्षक पुलिस श्रीमती के.बी. वन्दना और उप महानिरीक्षक पुलिस श्री दीपक भार्गव के सुपरविजन में उपनिरीक्षक श्री शैलेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में सीआईडी क्राइम ब्रांच की टीम झारखंड के नक्सल प्रभावित हरिहरगंज थाना क्षेत्र में आरोपी की तलाश कर रही थी।

टीम के सहायक उपनिरीक्षक श्री शंकर दयाल शर्मा और हेड कांस्टेबल श्री रविन्द्र सिंह को सूचना मिली कि बालोतरा जिले के सिणधरी थाने में दर्ज मामले में फरार 50 हजार रुपये का इनामी आरोपी सुरेन्द्र साहू तेली, निवासी अररूआ थाना हरिहरगंज, जिला पलामू (झारखंड), अपनी पहचान छिपाकर लगातार ठिकाने बदल रहा है। सूचना मिलने के बाद दोनों पुलिसकर्मी तीन दिन पहले ही झारखंड पहुंच गए। उन्होंने भेष बदलकर आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी और उसके छिपने के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई।

लगातार निगरानी और रैकी के बाद पुलिस टीम को पता चला कि सुरेन्द्र साहू हरिहरगंज थाना क्षेत्र की एक तेल मिल में रह रहा है। इसके बाद सीआईडी क्राइम ब्रांच ने महानिरीक्षक पुलिस जोधपुर रेंज श्री सत्येन्द्र सिंह और पुलिस अधीक्षक बालोतरा श्री राजेश कांवट से समन्वय स्थापित किया। कार्रवाई को आगे बढ़ाने के लिए सिणधरी थानाधिकारी श्री शंकरलाल को पुलिस टीम के साथ झारखंड बुलाया गया।

सीआईडी टीम ने अपनी पहचान छिपाकर मुखबिर की ओर से बताए गए स्थानों पर निगरानी और रैकी जारी रखी तथा आरोपी की पहचान सुनिश्चित की। इसके बाद सीआईडी क्राइम ब्रांच, सिणधरी थाना पुलिस और स्थानीय हरिहरगंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने तेल मिल पर दबिश देकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी जंगल की तरफ भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने करीब एक किलोमीटर तक पीछा कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद गिरफ्तार आरोपी को अग्रिम कार्रवाई के लिए सिणधरी थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार, सुरेन्द्र साहू बालोतरा जिले के सिणधरी थाना क्षेत्र में दर्ज 261 किलोग्राम डोडा पोस्त तस्करी के प्रकरण में लंबे समय से फरार था। इस मामले की जांच में मादक पदार्थ की आपूर्ति झारखंड से किए जाने का खुलासा हुआ था। आरोपी राजस्थान सहित कई अन्य राज्यों में मादक पदार्थ तस्करी का नेटवर्क फैला रखा था। उसकी गिरफ्तारी के बाद इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और उसके संपर्कों के संबंध में पूछताछ एवं आगे के अनुसंधान का रास्ता खुलेगा।

इस कार्रवाई में सीआईडी क्राइम ब्रांच की टीम से उपनिरीक्षक श्री शैलेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक श्री शंकरदयाल शर्मा, हेड कांस्टेबल श्री रविन्द्र सिंह, श्री बृजेश कुमार शर्मा और श्री कुलदीप सिंह की विशेष भूमिका रही। कांस्टेबल श्री सोहन देव यादव ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया। वहीं, सिणधरी थाना पुलिस की ओर से थानाधिकारी श्री शंकरलाल, कांस्टेबल श्री गेनाराम, श्री टीकमराम और चालक कांस्टेबल श्री बाबूलाल का योगदान रहा। दो साल से फरार इनामी आरोपी की झारखंड से गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस की जांच तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और उनके संपर्कों पर केंद्रित रहेगी।

Next Story