जयपुर, 03 जून। राजस्थान पुलिस की आर्म्ड बटालियन के 128 जांबाजों की कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट सेवाओं को आज पुलिस मुख्यालय में विशेष सम्मान मिला। महानिदेशक पुलिस आर्म्ड बटालियन संजय अग्रवाल ने इन जवानों के कार्यों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। पुलिस मुख्यालय स्थित सभा कक्ष में आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम में महानिदेशक संजय अग्रवाल और अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस रुपिंदर सिंघ ने जवानों से व्यक्तिगत संवाद कर उनके समर्पण को सराहा।

विभाग की कार्यप्रणाली में सुधार और विशिष्ट सेवाओं के लिए चयनित इन जवानों को दो श्रेणियों में सम्मानित किया गया। खेल, प्रशिक्षण, रिजर्व पुलिस लाइन प्रबंधन, सामान्य प्रशासन और कल्याणकारी कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 116 पुलिसकर्मियों को महानिदेशक पुलिस प्रशस्ति डिस्क एवं प्रशस्ति रोल के लिए चयनित किया गया। वहीं, बटालियन के घुड़सवार और बैंड दल में तैनात 12 पुलिसकर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए 5100-5100 रुपये नकद इनाम और प्रशंसा पत्र देने की घोषणा की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महानिदेशक संजय अग्रवाल ने कहा कि आर्म्ड बटालियन का प्रत्येक जवान अनुशासन और सेवा की प्रतिमूर्ति है। उन्होंने जवानों को अपने हुनर को निरंतर तराशने के लिए प्रेरित करते हुए विश्वास दिलाया कि पुलिस मुख्यालय उनके इस कार्य में पूर्ण सहयोग प्रदान करेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि अधिकारियों और जवानों के बीच इस प्रकार के सीधे संवाद से पूरी फोर्स में सकारात्मकता का संचार होता है। इस अवसर पर डीआईजी श्वेता धनकड़, एसपी विनीत बंसल और कमांडेंट एसडीआरएफ राजेंद्र सिंह सिसोदिया भी उपस्थित रहे। यह आयोजन न केवल जवानों का मनोबल बढ़ाने वाला रहा, बल्कि विभाग के प्रति उनके समर्पण को नई ऊर्जा भी प्रदान कर गया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story