राजस्थान पुलिस की नशे पर सख्ती: हर बुधवार होगी एंटी नारकोटिक कार्रवाइयों की विशेष समीक्षा
राजस्थान पुलिस ने नशे के खिलाफ सख्ती बढ़ाई, हर बुधवार एंटी नारकोटिक कार्रवाइयों की समीक्षा और 31 अगस्त तक स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता अभियान।

तस्वीर में पुलिस मुख्यालय में डीजीपी राजीव कुमार शर्मा की अध्यक्षता में नशे के खिलाफ आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में उपस्थित पुलिस अधिकारी नजर आ रहे हैं।
राजस्थान पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई को और प्रभावी बनाने के लिए विशेष रणनीति तैयार की है। इसके तहत अब नशे के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई की हर सप्ताह समीक्षा की जाएगी। महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार पुलिस मुख्यालय में प्रत्येक बुधवार नशे के विरुद्ध राज्य स्तर पर चलाए जा रहे अभियानों एवं कार्रवाइयों की विशेष समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।
नशे के विरुद्ध प्रभावी और परिणाम-उन्मुख अनुश्रवण के क्रम में बुधवार को पुलिस महानिदेशक राजस्थान श्री राजीव शर्मा की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक की पहली बैठक आयोजित हुई। इसमें पुलिस अधिकारियों को नशे के नेटवर्क तथा इसमें शामिल अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
डीजीपी श्री शर्मा ने कहा कि नशे और नशे के कारोबार में लिप्त अपराधियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस नशे की तस्करी के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और इससे जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करे।
डीजीपी श्री शर्मा ने बताया कि गत वर्ष की तुलना में वर्ष 2026 के शुरुआती सात माह में ही अधिक एंटी नारकोटिक कार्रवाइयां की गई हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्रवाई को केवल नशे की बरामदगी और गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रखा जाए, बल्कि पूरे नेटवर्क को चिह्नित कर उसके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए।
प्रदेश में एंटी नारकोटिक गतिविधियों को और गति देने के लिए आधारभूत ढांचे को भी अधिक मजबूत किया जा रहा है। श्री शर्मा ने बताया कि इससे नशे के खिलाफ अभियान को बेहतर समन्वय, मजबूत सूचना तंत्र और प्रभावी निगरानी के साथ आगे बढ़ाया जा सकेगा।
उन्होंने जिलों में नशे के हॉटस्पॉट चिह्नित कर नियमित निगरानी रखने तथा नशे की तस्करी से जुड़े अपराधियों और उनके सहयोगियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए पुलिस की जागरूकता गतिविधियों को भी लगातार बढ़ाया जाए।
बैठक में आज से 31 अगस्त तक सभी जिलों के स्कूल एवं कॉलेजों में विशेष जागरूकता अभियान चलाने के दिशा-निर्देश जारी किए गए।
महानिदेशक पुलिस, राजस्थान ने पुलिस अधिकारियों को संबंधित सभी विभागों के समन्वय से नशे की रोकथाम के लिए सुदृढ़ कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि अब हर बुधवार होने वाली बैठक में जिलों की कार्रवाई, प्रकरणों की प्रगति, गिरफ्तारियां, जब्ती तथा नशे के नेटवर्क के खिलाफ की गई कार्रवाइयों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।
बैठक में महानिरीक्षक पुलिस (अपराध शाखा) श्री शरत कविराज, उप महानिरीक्षक पुलिस (कार्मिक एवं प्रमुख स्टाफ ऑफिसर) श्री कुंवर राष्ट्रदीप, उप महानिरीक्षक पुलिस (एएनटीएफ) श्री अभिजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक (एएनटीएफ) श्री अमित जैन सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। इस साप्ताहिक समीक्षा व्यवस्था के जरिए राजस्थान पुलिस ने नशे की तस्करी और उससे जुड़े नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई को नियमित निगरानी, बेहतर समन्वय और प्रभावी रणनीति के साथ आगे बढ़ाने की दिशा तय की है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
