राजस्थान में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार को नेस्तनाबूद करने के संकल्प के साथ पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने एक बार फिर प्रभावी कार्रवाई की है। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में संचालित इस विशेष अभियान के तहत प्रदेश के तीन प्रमुख जिलों—बीकानेर, श्रीगंगानगर और जयपुर में एएनटीएफ ने घेराबंदी कर पांच नशा तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस संयुक्त कार्रवाई में भारी मात्रा में डोडा-चूरा, हेरोइन और गांजे के साथ ही दो वाहन और नशे की कमाई से अर्जित नकदी भी बरामद की गई है।

एएनटीएफ के महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि नशा तस्करों के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। कार्रवाई की कड़ी में पहली सफलता बीकानेर के गजनेर थाना क्षेत्र में मिली, जहाँ पुलिस ने फिल्मी अंदाज में पीछा करते हुए दो तस्करों—विक्की और देवीलाल—को 19.5 किलोग्राम अवैध डोडा-चूरा के साथ दबोचा। वहीं, दूसरी कार्रवाई श्रीगंगानगर के जवाहर नगर थाना क्षेत्र में अंजाम दी गई, जहाँ पंजाब की ओर से आ रही एक कार को रोककर गुरप्रीत सिंह और सुखदीप सिंह को 60 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त, जयपुर के करणी विहार थाना क्षेत्र में एक महिला तस्कर सुनीता सांसी को 125 ग्राम गांजा और नशे की बिक्री से प्राप्त 17,800 रुपये नकद के साथ गिरफ्तार किया गया।

इन सभी अभियानों में संबंधित थाना पुलिस की भूमिका महत्वपूर्ण रही। एएनटीएफ मुख्यालय ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली टीमों को सम्मानित करने का निर्णय लिया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशे के सौदागरों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। एएनटीएफ ने आमजन से अपील की है कि वे अवैध गतिविधियों की जानकारी कंट्रोल रूम के व्हाट्सएप नंबर 9261225056 अथवा हेल्पलाइन नंबर 0141-2502877 पर साझा करें, जहाँ सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। यह कार्रवाई न केवल तस्करों के नेटवर्क पर चोट है, बल्कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने की दिशा में एक बड़ा कदम भी है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story