राजस्थान पुलिस अकादमी में 55 नवनियुक्त आरपीएस अधिकारियों के 104 सप्ताह के प्रशिक्षण का आगाज हुआ। डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने अधिकारियों को जनोन्मुख पुलिसिंग और जनता का विश्वास जीतने का मंत्र दिया। जानें क्या है ट्रेनिंग की नई रूपरेखा।

जयपुर, 6 जुलाई। राजस्थान पुलिस अकादमी में सोमवार को राजस्थान पुलिस सेवा के 55 नवनियुक्त पुलिस अधिकारियों के 104 सप्ताह के आधारभूत प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन हुआ। राजस्थान पुलिस सेवा के बेसिक प्रशिक्षण बैच संख्या- 59 के इस उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पुलिस महानिदेशक, राजस्थान श्री राजीव कुमार शर्मा ने नवनियुक्त अधिकारियों से संवाद करते हुए उन्हें नई चुनौतियों के दौर में नई और जनोन्मुख पुलिसिंग के जरिए आमजन का विश्वास हासिल करने का मंत्र दिया।



पुलिस महानिदेशक श्री शर्मा ने नवनियुक्त अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि राजस्थान पुलिस में उनका प्रवेश संविधान, कानून और जनसेवा के प्रति समर्पित एक उत्तरदायित्वपूर्ण जीवन की शुरुआत है। उन्होंने पुलिस की वर्दी को केवल अधिकार का प्रतीक नहीं बल्कि संवेदनशीलता, निष्पक्षता, ईमानदारी, अनुशासन एवं जवाबदेही का संगम बताया। श्री शर्मा ने प्रशिक्षुओं से अपेक्षा जताई कि वे प्रशिक्षण अवधि के दौरान शारीरिक दक्षता, नेतृत्व क्षमता, नैतिक मूल्यों, मानवाधिकारों के सम्मान और टीम भावना का विकास करें, ताकि वे भविष्य की जटिल चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना करने में सक्षम बन सकें।

प्रशिक्षण की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए डीजीपी ने बताया कि यह कार्यक्रम पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो (बीपीआरडी) भारत सरकार द्वारा विकसित मॉडल प्रशिक्षण पाठ्यक्रम पर आधारित है, जिसमें आधुनिक पुलिसिंग की जरूरतों के अनुरूप नवीन पद्धतियों को समाहित किया गया है। उन्होंने प्रशिक्षकों को निर्देश दिए कि वे नवनियुक्त अधिकारियों में एक उत्कृष्ट और संवेदनशील पुलिस अधिकारी के आवश्यक गुणों का विकास सुनिश्चित करें।

समारोह में महानिदेशक पुलिस (प्रशिक्षण) श्री अनिल पालीवाल ने नवनियुक्त अधिकारियों को पूर्ण अनुशासन एवं प्रतिबद्धता के साथ प्रशिक्षण लेने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये अधिकारी अपने कर्तव्यनिष्ठ आचरण से राजस्थान पुलिस की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे और समाज में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण सुदृढ़ करेंगे।

राजस्थान पुलिस अकादमी के निदेशक श्री संजीब कुमार नार्जारी ने बैच के विवरण साझा करते हुए बताया कि 104 सप्ताह का यह प्रशिक्षण नवनियुक्त अधिकारियों को सक्षम, अनुशासित और जनोन्मुख पुलिस अधिकारी बनाने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने प्रशिक्षुओं को कानून-व्यवस्था के साथ-साथ आमजन की सेवा भावना को अपने कार्य का आधार बनाने की सीख दी। अकादमी के अतिरिक्त निदेशक श्री शंकरदत्त शर्मा ने भी नवनियुक्त अधिकारियों को इस अवसर और वर्दी पर गर्व करने का आह्वान किया। इस उद्घाटन सत्र में अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (प्रशिक्षण) श्री राघवेन्द्र सुहासा, निदेशक इंटेलीजेंस ट्रेनिंग अकादमी श्री प्रदीप मोहन शर्मा और अकादमी के प्रशिक्षक उपस्थित रहे।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story