राजस्थान पुलिस अकादमी में सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक का संदेश, प्रशिक्षुओं ने ली पर्यावरण संरक्षण की शपथ
जयपुर की राजस्थान पुलिस अकादमी में ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक के पांचवें दिन सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया गया। प्रशिक्षुओं ने कपड़े के बैग, धातु की बोतलों के उपयोग और पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली।

राजस्थान पुलिस अकादमी में सिंगल यूज प्लास्टिक रोकने के लिए शपथ ली गई।
जयपुर स्थित राजस्थान पुलिस अकादमी में आयोजित ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक के पांचवें दिन सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल को हतोत्साहित करने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। गुरुवार, 05 नवम्बर को ‘से नो टू सिंगल यूज प्लास्टिक’ थीम के तहत आयोजित कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं को प्लास्टिक के उपयोग से बचने और पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षुओं को बताया गया कि दैनिक जीवन में सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग कम करने के लिए इसके विकल्प अपनाना जरूरी है। उन्हें प्लास्टिक बैग के स्थान पर कपड़े से बने पुनः उपयोग योग्य बैग इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं, पानी पीने के लिए प्लास्टिक की बोतलों के बजाय तांबे और अन्य धातुओं से बनी बोतलों का उपयोग करने की अपील की गई।
इस अवसर पर प्रशिक्षुओं को सिंगल यूज प्लास्टिक से बचने, राजस्थान पुलिस अकादमी परिसर को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त रखने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की शपथ भी दिलाई गई।
ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक के तहत आयोजित इस पहल का उद्देश्य दैनिक जीवन में प्लास्टिक के इस्तेमाल को कम करने और पर्यावरण के अनुकूल आदतों को अपनाने के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम के माध्यम से प्रशिक्षुओं को व्यक्तिगत स्तर पर प्लास्टिक का उपयोग छोड़ने और पुनः उपयोग योग्य विकल्पों को अपनाने का संदेश दिया गया।

