जयपुर, 10 फरवरी 2026। राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बताया कि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम-सूर्य घर, मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत राजस्थान में अब तक ऐतिहासिक प्रगति हुई है।


राजस्थान में योजना की उपलब्धि और सब्सिडी वितरण

  • 31 दिसंबर 2025 तक राज्य में 1 लाख 19 हजार से अधिक रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित किए जा चुके हैं।
  • इससे 1 लाख 22 हजार से अधिक परिवारों को सीधा लाभ मिला है।
  • मदन राठौड़ ने बताया कि इस योजना के तहत राजस्थान में अब तक 823.12 करोड़ रुपए की केंद्रीय वित्तीय सहायता (सब्सिडी) वितरित की जा चुकी है।

"यह योजना आमजन को सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक बड़ा कदम है।" राठौड़ के सवाल के जवाब में नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा एवं विद्युत राज्यमंत्री श्रीपाद येसो नाइक ने सदन को यह जानकारी दी।


देश के टॉप 5 राज्यों में राजस्थान का स्थान

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बताया कि राजस्थान रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने में देश के टॉप 5 राज्यों में शामिल है।

सर्वाधिक रूफटॉप सोलर सिस्टम वाले राज्य क्रमशः हैं:

  1. गुजरात
  2. महाराष्ट्र
  3. उत्तर प्रदेश
  4. केरल
  5. राजस्थान

मुख्यमंत्री निशुल्क बिजली योजना का अतिरिक्त लाभ

"राजस्थान सरकार द्वारा मुख्यमंत्री निशुल्क बिजली योजना के तहत पीएम-सूर्य घर योजना में 1.1 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता का सोलर सिस्टम लगाने वाले परिवारों को प्रति माह 150 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने का प्रावधान किया गया है, इससे आम उपभोक्ताओं का बिजली बिल शून्य के करीब आ रहा है।"


राष्ट्रीय स्तर पर योजना के आंकड़े

मदन राठौड़ ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ऊर्जा आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है और राजस्थान इस दिशा में अग्रणी राज्यों में शामिल है। उन्होंने आम नागरिकों से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

सांसद मदन राठौड़ ने बताया कि योजना के शुरू किए जाने के बाद देश में कुल 20 लाख 85 हजार 514 रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित किए गए है, जिससे 31 दिसंबर 2025 तक 26 लाख 14 हजार 446 परिवारों को केंद्रीय वित्तीय सहायता के रूप में वितरित 14771 करोड़ रुपए से लाभ हुआ है।

"सोलर ऊर्जा न केवल आर्थिक राहत देती है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ भविष्य भी सुनिश्चित करती है।"

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story