राजस्थान पेट्रोकेमिकल जोन में 3 महीने में भूखंड आवंटन, 6 महीने में शुरू करना होगा उद्योग
राजस्थान पेट्रोकेमिकल जोन में औद्योगिक निवेश बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने तीन महीने में भूखंड आवंटन और छह महीने में उद्योगों का संचालन शुरू करने के निर्देश दिए। बालोतरा में निवेशकों को आकर्षित करने की भी तैयारी है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उच्च स्तरीय बैठक में राजस्थान पेट्रोकेमिकल जोन के विकास और औद्योगिक भूखंडों के समयबद्ध आवंटन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
राजस्थान में औद्योगिक निवेश और रोजगार सृजन को गति देने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजस्थान पेट्रोकेमिकल जोन के विकास को लेकर अधिकारियों को समयबद्ध लक्ष्य दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जोन में औद्योगिक भूखंडों के आवंटन की प्रक्रिया आगामी तीन महीने में पूरी की जाए और आवंटन मिलने के छह महीने के भीतर संबंधित औद्योगिक इकाइयों की स्थापना कर उनका संचालन शुरू किया जाए।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार, 14 नवंबर को राजस्थान पेट्रोकेमिकल जोन के विकास, औद्योगिक निवेश और उपलब्ध संभावनाओं को लेकर आयोजित उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि राजस्थान पेट्रोकेमिकल जोन प्रदेश की औद्योगिक अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयां देने के साथ रोजगार सृजन और राजस्व अर्जन का प्रमुख केन्द्र बन रहा है। यहां पेट्रोकेमिकल आधारित अधिकाधिक औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने के साथ पेट्रोकेमिकल उत्पादों का निर्माण और उनका उपयोग प्रदेश में ही सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाने चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में औद्योगिक विकास की अपार संभावनाएं हैं और राज्य सरकार के प्रयासों से औद्योगिक गतिविधियों को अभूतपूर्व गति मिल रही है। पेट्रोकेमिकल जोन का सुनियोजित विकास होने से प्रदेश में निवेश के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जोन के विकास से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी की जाएं और इसे निवेशकों के लिए आकर्षक औद्योगिक गंतव्य के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि औद्योगिक भूखंडों का आवंटन केवल औपचारिकता बनकर नहीं रहना चाहिए, बल्कि आवंटित भूखंडों पर तय समय में वास्तविक औद्योगिक गतिविधियां शुरू होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्थान पेट्रोकेमिकल जोन में उपलब्ध औद्योगिक भूखंडों के आवंटन की प्रक्रिया अगले तीन महीने में अनिवार्य रूप से पूरी की जाए। आवंटन प्राप्त करने के छह महीने के भीतर औद्योगिक इकाई की स्थापना और संचालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने शेष उपलब्ध भूखंडों का आवंटन शीघ्र नीलामी के माध्यम से करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जिन आवंटियों को पहले ही भूखंड आवंटित किए जा चुके हैं, लेकिन उन्होंने अब तक औद्योगिक गतिविधियां शुरू नहीं की हैं, उन्हें नोटिस जारी करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि औद्योगिक भूमि का उपयोग वास्तविक उत्पादन गतिविधियों के लिए होना चाहिए। निवेश के नाम पर भूखंडों का अनावश्यक उपयोग लंबित नहीं रखा जाए। उन्होंने पेट्रोकेमिकल जोन के विकास में स्थानीय उत्पादन को प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए कहा कि रिफाइनरी से प्राप्त होने वाले उत्पादों का उपयोग प्रदेश की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में ही किया जाना चाहिए। इससे स्थानीय स्तर पर उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा और उद्योगों की लागत तथा आपूर्ति व्यवस्था बेहतर बनाने की संभावनाएं विकसित होंगी।
उन्होंने सीमेंट, पाइप सहित विभिन्न उत्पादों के निर्माण में पेट्रोकेमिकल उत्पादों के उपयोग की संभावनाओं का आकलन करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रदेश में इन उत्पादों की वर्तमान मांग, उपभोग और भविष्य की औद्योगिक आवश्यकताओं का विस्तृत अध्ययन करवाने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने पेट्रोकेमिकल क्षेत्र में पहले से कार्यरत उद्यमियों और संबंधित औद्योगिक इकाइयों के संचालकों के साथ बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए। इन बैठकों में उद्यमियों की आवश्यकताओं, मांगों और सुझावों पर विचार कर उनके समाधान के लिए जरूरी कार्रवाई की जाएगी, ताकि स्थानीय उद्योगों को पेट्रोकेमिकल जोन से जोड़कर मजबूत औद्योगिक इकोसिस्टम विकसित किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने बालोतरा में निवेशकों की बैठक आयोजित कर राजस्थान पेट्रोकेमिकल जोन में अधिकाधिक निवेश आकर्षित करने और स्थानीय स्तर पर औद्योगिक उत्पादन को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निवेशकों को रिफाइनरी से उपलब्ध होने वाले बाय-प्रोडक्ट्स का लाभ मिलना चाहिए। इसके लिए रिफाइनरी अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि स्थानीय स्तर पर औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने वाले निवेशकों को रिफाइनरी के बाय-प्रोडक्ट्स रियायती दरों पर उपलब्ध करवाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए।
निवेशकों के साथ नियमित संवाद बनाए रखने के लिए मुख्यमंत्री ने समय-समय पर निवेश सम्मेलन आयोजित करने को कहा। उन्होंने राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना और प्लग एंड प्ले सहित अन्य निवेश संवर्धन योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री के अनुसार, इन योजनाओं का लाभ अधिकाधिक निवेशकों और उद्यमियों तक पहुंचना चाहिए। साथ ही औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के दौरान आने वाली कठिनाइयों का समाधान किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान पेट्रोकेमिकल जोन का विकास प्रदेश में नए उद्योगों की स्थापना, स्थानीय उत्पादन, निवेश विस्तार और रोजगार के नए अवसरों के सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना होगा।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) अखिल अरोड़ा सहित निवेश संवर्धन ब्यूरो, राजस्थान औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम, उद्योग विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

