राजस्थान निजी सहायक संवर्ग महासंघ: पूर्व अध्यक्ष रमन पारीक निष्कासित
महासंघ विरोधी गतिविधियों और मर्यादाहीन टिप्पणियों के चलते कार्यकारिणी ने लिया फैसला, प्राथमिक सदस्यता तत्काल प्रभाव से रद्द।

जयपुर। राजस्थान निजी सहायक संवर्ग महासंघ ने कड़ा रुख अपनाते हुए पूर्व अध्यक्ष रमन पारीक को महासंघ की प्राथमिक सदस्यता से बर्खास्त कर दिया है। यह निर्णायक कदम जयपुर में 5 मई, 2026 को आयोजित महासंघ की कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक के बाद उठाया गया है। इस बैठक में कैडर हित के विभिन्न मुद्दों के साथ आगामी चुनाव, वर्तमान कार्यों की प्रगति रिपोर्ट और पिछले तीन वर्षों के आय-व्यय की ऑडिट रिपोर्ट पर विस्तृत चर्चा की गई। इसी दौरान संगठन के साथी श्री रमन पारीक द्वारा की जा रही महासंघ विरोधी गतिविधियों का मामला प्रमुखता से उठा।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने पाया कि श्री पारीक न केवल वरिष्ठ साथियों पर मर्यादाहीन टिप्पणियां कर रहे थे, बल्कि दूसरे संगठन के नाम से बने व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़कर महासंघ के विरुद्ध अनर्गल बयानबाजी भी कर रहे थे। इसके अतिरिक्त, सक्षम अनुमति के बिना समाचार पत्रों में महासंघ के नाम से खबरें छपवाने को लेकर उनके खिलाफ निंदा प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। कठोर कार्यवाही की रूपरेखा तभी तैयार हो गई थी, लेकिन 7 मई को पुनः श्री पारीक द्वारा व्हाट्सएप ग्रुप में भ्रामक बातें लिखने के बाद धैर्य का बांध टूट गया। निंदा प्रस्ताव के आधार पर कार्रवाई करते हुए श्री रमन पारीक की प्राथमिक सदस्यता तत्काल प्रभाव से समाप्त कर उन्हें निष्कासित कर दिया गया। महामंत्री पृथ्वी सिंह राठौड़ ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में श्री पारीक द्वारा महासंघ के नाम से प्रकाशित किसी भी समाचार की कोई वैधानिकता नहीं होगी। यह अनुशासनात्मक कार्रवाई संगठन की गरिमा और एकजुटता बनाए रखने की दिशा में एक बड़ा संदेश है।

