आरजीएचएस चिकित्सा व्यवस्था के विरोध में राजस्थान पेंशनर समाज का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन
पेंशनरों ने चिकित्सा सुविधाओं और दवाओं की अनुपलब्धता को लेकर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।

जयपुर में आरजीएचएस व्यवस्था सुधारने की मांग को लेकर राजस्थान पेंशनर समाज के पदाधिकारी जिला कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए।
राजस्थान सरकार स्वास्थ्य योजना (आरजीएचएस) की पिछले कुछ महीनों से चरमराई चिकित्सा व्यवस्था को सुचारू कर पेंशनरों को चिकित्सा एवं दवा उपलब्ध करवाने की मांग को लेकर राजस्थान पेंशनर समाज ने मंगलवार से प्रदेशव्यापी आंदोलन का आगाज कर दिया।
प्रदेश महामंत्री किशन शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य के सभी जिलों में भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में पेंशनरों ने एकत्र होकर नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया तथा जिला कलेक्टर्स के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर अपना रोष प्रकट किया।
प्रदेश अध्यक्ष शंकर सिंह मनोहर ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए सरकार को चेतावनी दी कि यदि शीघ्र पेंशनर समाज को वार्ता के लिए बुलाकर समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन और अधिक तेज किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी सरकार की होगी।
जयपुर मुख्यालय पर जिला शाखा के नेतृत्व में भी पेंशनरों ने भारी संख्या में एकत्र होकर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया तथा जिला कलक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। जिला महामंत्री मदन लाल शर्मा ने बताया कि प्रदर्शन में जिले की सभी उपशाखाओं के पेंशनर शामिल हुए और जिला कलक्टर को ज्ञापन दिया गया।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष शंकर सिंह मनोहर, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा, प्रदेश महामंत्री किशन शर्मा, जिलाध्यक्ष जी के मीणा, जिला महामंत्री मदन लाल शर्मा सहित उपशाखा अध्यक्ष पुरुषोत्तम शर्मा, गोपाल भारद्वाज, के के पालीवाल, विजय सक्सेना, खेमचंद अग्रवाल, अशोक नाग, त्रिलोकी प्रसाद पाठक, राम किशन अत्री, विजय चंद गुप्ता, भंवर लाल शर्मा, करणी सिंह शेखावत, उमाशंकर तथा महिला प्रकोष्ठ की सुनीता नंदवाना एवं किरण सोनी सहित सैकड़ों पेंशनर उपस्थित रहे।
प्रदेश महामंत्री ने बताया कि आंदोलन के आगामी चरण में राज्य की सभी तहसील मुख्यालयों पर उपशाखाएं ज्ञापन एवं प्रदर्शन करेंगी। आगामी कार्यक्रमों की तिथि और रूपरेखा परसों होने वाली प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में तय कर घोषित की जाएगी।
यह आंदोलन प्रदेशभर में आरजीएचएस चिकित्सा व्यवस्था को लेकर पेंशनरों की बढ़ती नाराजगी और त्वरित समाधान की मांग को स्पष्ट रूप से उजागर करता है, जिससे प्रशासन पर जल्द कार्रवाई का दबाव और अधिक बढ़ गया है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
