जयपुर, 14 मार्च। राजस्थान पेंशनर समाज के प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक भव्य समारोह में न्यायमूर्ति श्री आनंद शर्मा ने कहा कि पेंशनर समाज की अनमोल धरोहर हैं और उन्हें अपने अनुभवों से समाज व युवाओं का मार्गदर्शन करना चाहिए। न्यायमूर्ति शर्मा आज यहाँ स्व. डी.एस. नकारा की मूर्ति अनावरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि "उन्होंने अपने जीवन के 30 वर्षों में वकालत और न्यायालय में निर्णय देते समय पेंशनरों के प्रकरणों के निस्तारण में डी.एस. नकारा के केस का आधार देते हुए पेंशनरों के पक्ष में निर्णय किए हैं।"

डी.एस. नकारा की मूर्ति का अनावरण और अतिथियों का स्वागत

समारोह के प्रारंभ में मुख्य अतिथि न्यायाधिपति आनंद शर्मा और उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेम चंद बैरवा ने स्व. डी.एस. नकारा की मूर्ति का अनावरण किया। इससे पूर्व राजस्थान पेंशनर समाज के प्रदेशाध्यक्ष शंकर सिंह मनोहर ने सभी अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। श्री मनोहर ने संगठन के क्रियाकलापों का विस्तृत जिक्र करते हुए पेंशनर समाज को एक सशक्त समाज के रूप में परिभाषित किया। उन्होंने पेंशनरों के सम्मुख आ रही कुछ ज्वलंत समस्याओं की जानकारी भी साझा की। श्री मनोहर ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि "पेंशनरों के हितों पर कुठाराघात किसी भी कीमत पर सहन नहीं होगा।"





ऐतिहासिक कानूनी संघर्ष और सरकार का आश्वासन

समारोह की अध्यक्षता कर रहे उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेम चंद बैरवा ने डी.एस. नकारा के योगदान को याद करते हुए कहा कि "डी.एस. नकारा ने पेंशनरों के सम्मान और अधिकार के लिए लंबी लड़ाई के बाद देश के सर्वोच्च न्यायालय की सर्वोच्च संवैधानिक पीठ से जो निर्णय दिलवाया वह इतिहास में दर्ज रहेगा।" डॉ. बैरवा ने पेंशनरों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का शीघ्र निराकरण किया जाएगा। वहीं, उपस्थित विधायक बाल मुकुंदाचार्य ने आर.जी.एच.एस. (RGHS) में चिकित्सा संबंधी आ रही समस्याओं को दूर करवाने का पूर्ण भरोसा दिलाया। उन्होंने जोर देकर कहा कि "पेंशनरों को जीवन का लंबा अनुभव होता है, उन्हें अपने अनुभवों से समाज को लाभान्वित करना चाहिए।"

प्रदेशभर से जुटे पेंशनर और जिलाध्यक्षों का सम्मान

इस गरिमामय अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष डोरी लाल शर्मा, ओम प्रकाश शर्मा, अशोक सिंह चंदेल, प्रदेश महामंत्री किशन शर्मा और जी.के. मीणा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इनके साथ ही राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष महावीर शर्मा और महामंत्री महावीर सिहाग ने भी समारोह को संबोधित किया। समारोह में जयपुर शहर, ग्रामीण एवं प्रदेश भर से आए जिलाध्यक्षों, उपशाखा अध्यक्षों और सैंकड़ों की संख्या में पेंशनरों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस दौरान संगठन की मजबूती के लिए कार्य करने वाले जिलाध्यक्षों का विशेष सम्मान किया गया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story