युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के सचिव इमरान कुरैशी ने नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए युवाओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश और समाज के भविष्य की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं को सही दिशा, सकारात्मक अवसर और बेहतर भविष्य उपलब्ध कराना जरूरी है।

सोमवार को जयपुर में सरदार पटेल मार्ग स्थित होटल ग्रैंड इंडियाना में आयोजित ‘युवा संवाद समारोह’ में इमरान कुरैशी ने युवाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संवाद किया। इस दौरान युवाओं के राजनीतिक अनुभवों, विचारों, आकांक्षाओं और भविष्य को लेकर उनकी अपेक्षाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी युवाओं के सुझाव लिए गए। संवाद के दौरान युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति का मुद्दा प्रमुखता से उठा। इस पर चिंता व्यक्त करते हुए नशे से दूर रहने और अन्य युवाओं को भी इसके दुष्प्रभावों से बचाने के प्रयासों पर जोर दिया गया।

इमरान कुरैशी ने नशे के खिलाफ जनजागरूकता अभियान चलाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और सहभागिता को सही दिशा देना जरूरी है, ताकि उन्हें सकारात्मक अवसरों के साथ बेहतर भविष्य मिल सके।

उन्होंने युवा संवाद में शामिल युवाओं के उत्साह, उनके सुझावों और सक्रिय सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं के विचारों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर संवाद के साथ नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी भूमिका को प्रमुखता दी गई।

Next Story