जयपुर, 3 अक्टूबर 2026। राजस्थान में पंचायती राज चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि पंचायती राज चुनावों में पार्टी शहरी निकाय चुनाव की प्रचंड विजय को दोहराएगी। पार्टी ने चुनाव की तैयारियों के लिए सातों संभागों में चुनाव संचालन समितियों का गठन किया है।

मदन राठौड़ ने बताया कि राजस्थान में पंचायती राज के तहत 1 लाख 55 हजार से अधिक जनप्रतिनिधियों के होने वाले चुनाव के लिए भाजपा ने संगठनात्मक स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले चुनाव की तुलना में इस चुनाव में 20 प्रतिशत से अधिक जनप्रतिनिधियों की भागीदारी बढ़ाई है। इसके लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया, सह प्रभारी कुलजीत चहल, कविता पाटीदार, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने जिलों में प्रवास कर कार्यकर्ताओं से संवाद किया है।

राठौड़ ने कहा कि पिछले 31 माह में राजस्थान के कांग्रेसी कुशासन से मुक्ति के बाद भजनलाल सरकार ने ग्रामीण विकास को नई गति प्रदान की है। उनके अनुसार, जिस प्रकार शहरी निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को जनता के आशीर्वाद से प्रचंड बहुमत मिला, उसी प्रकार पंचायती राज चुनावों में भी भाजपा ऐतिहासिक सफलता हासिल करेगी।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और प्रदेश के प्रत्येक बूथ तक उसके सक्रिय कार्यकर्ता हैं। इन कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के माध्यम से पार्टी जनता का विश्वास अर्जित करेगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि जिस प्रकार निकाय चुनाव में बूथ स्तर तक पार्टी कार्यकर्ताओं ने सक्रिय होकर सहभागिता निभाई और उनके फीडबैक के आधार पर प्रत्याशियों का चयन किया गया था, उसी प्रकार पंचायती राज चुनाव में भी चुनावी रणनीति के अनुसार काम करने की योजना बनाई गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के नेताओं से लेकर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता राजस्थान में पंचायती राज के सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास को गति देने के लिए डबल इंजन के साथ पंचायती राज का तीसरा इंजन जोड़ने के लिए कृत संकल्पित हैं, ताकि गांवों में बैठे किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीबों का कल्याण एवं उत्थान हो सके।

भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने संभाग स्तरीय चुनाव संचालन समितियों की जानकारी देते हुए बताया कि जयपुर संभाग में ओंकार सिंह लखावत, डॉ. अल्का गुर्जर और शंकर सिंह राजपुरोहित को शामिल किया गया है। जोधपुर संभाग की जिम्मेदारी सी.आर. चौधरी, प्रमोद सामर और चम्पा लाल गेदर को सौंपी गई है। उदयपुर संभाग में राजेन्द्र राठौड़, नारायण पंचारिया और हेमंत विजय के नामों की घोषणा की गई है।

कोटा संभाग के अंतर्गत मुकेश दाधीच, मेघराज लोहिया और डॉ. महेन्द्र कुमावत कार्य करेंगे। बीकानेर संभाग के लिए प्रसन्न चंद मेहता, कैलाश चौधरी और राजेन्द्र कुमार गहलोत को नियुक्त किया गया है। भरतपुर संभाग में अशोक परनामी, हेमराज मीणा और छगन माहुर चुनाव संचालन का कार्य देखेंगे। अजमेर संभाग की कमान अरूण चतुर्वेदी, देवजी भाई पटेल और लालचंद कटारिया को सौंपी गई है। इस तरह भाजपा ने पंचायती राज चुनाव के लिए संभाग स्तर पर संगठनात्मक जिम्मेदारियां तय कर दी हैं।

Next Story