जयपुर, 20 सितंबर 2026। राजस्थान में आगामी पंचायत चुनावों की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर मंथन शुरू कर दिया है। रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ की अध्यक्षता में संगठनात्मक बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा वर्चुअल माध्यम से जुड़े। संगठन महामंत्री अजेय कुमार, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, डॉ. अरूण चतुर्वेदी, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगडी, उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा, वरिष्ठ नेता ओंकार सिंह लखावत, सीआर चौधरी सहित वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि निकाय चुनाव में प्रदेश की जनता ने भाजपा की भजनलाल सरकार पर भरोसा जताया है। अब पंचायत चुनाव में भी प्रदेश की जनता भारी बहुमत के साथ भाजपा को विजयी बनाएगी। मेयर चुनाव को लेकर सवाल पूछे जाने पर राठौड़ ने कांग्रेस पर क्रॉस वोटिंग को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कभी भाजपा पर आरोप लगाती थी कि वह चुनाव में प्रबंधन कर रही है, लेकिन अब कांग्रेस खुद कह रही है कि क्रॉस वोटिंग उसके पक्ष में होगी। राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस को अपने गिरेबान में झांककर देखना चाहिए कि वह क्या कर रही है। उनके अनुसार कांग्रेस अब प्रबंधन का प्रयास कर रही है और क्रॉस वोटिंग करवाना चाहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कुछ भी कर ले, कुछ नहीं होगा और भाजपा बहुमत के साथ मेयर बना रही है।

भाजपा के चुनाव प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि राजस्थान की जनता ने हाल ही में हुए चुनावों के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया है कि प्रदेश का आमजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की नीतियों तथा राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कार्यकाल के तीन वर्षों के कार्यों पर जनता ने अपनी मुहर लगाते हुए भाजपा को आशीर्वाद दिया है। इसके लिए उन्होंने प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त किया।

हरीश द्विवेदी ने कहा कि नगर निकाय चुनावों में देशभर के आंकड़ों को देखें तो पार्षद के चुनाव में 40 से 42 प्रतिशत जीत का आंकड़ा भी बड़ी सफलता माना जाता है। राजस्थान में टिकट वितरण के दौरान कुछ कार्यकर्ता नाराज होकर निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरे थे। बड़ी संख्या में ऐसे कार्यकर्ता, जो भाजपा से जुड़े हुए थे और निर्दलीय चुनाव लड़े, अब वापस पार्टी में आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता ने बड़े पैमाने पर भाजपा को समर्थन दिया है और आने वाले समय में पंचायत चुनावों में भी भाजपा सभी 41 जिला परिषदों में बहुमत हासिल करेगी।

यूजीसी से जुड़े विषय पर हरीश द्विवेदी ने कहा कि यह मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है। माननीय सुप्रीम कोर्ट ने इस विषय पर विचार करने की बात कही है। राज्य सरकार का भी स्पष्ट मत है कि सुप्रीम कोर्ट का जो भी आदेश आने वाले समय में होगा, उसके अनुरूप इस विषय पर विचार और चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि चुनाव में इस विषय का कितना प्रभाव रहा, इसे लेकर उनके पास कोई आंकड़ा नहीं है। हालांकि, राजस्थान के सर्व समाज और सभी वर्गों के लोगों ने भारतीय जनता पार्टी को अपना समर्थन और आशीर्वाद दिया है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि राजस्थान में पहली बार लोकतंत्र के इतिहास में 309 निकायों में एक साथ चुनाव हुए। सरकार ने पहली बार प्रदेश स्तर पर संकल्प पत्र जारी किया और प्रत्येक निकाय में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन संकल्पों को जनता के बीच लेकर जाने का काम किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के शहरी मतदाताओं ने भाजपा को समर्थन दिया है। 30 से अधिक निकायों में भाजपा के निर्विरोध निर्वाचन को भी उन्होंने पार्टी के प्रति जनता के समर्थन का संकेत बताया।

राजेंद्र राठौड़ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के दौरान कांग्रेस की ओर से न तो घोषणा पत्र जारी किया गया और न ही जिला स्तर पर प्रभावी संगठनात्मक बैठकें आयोजित की गईं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की सक्रिय भागीदारी भी चुनाव प्रचार में दिखाई नहीं दी।

राजेंद्र राठौड़ ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव परिणाम को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश के लोगों को गुमराह करने और जिस प्रकार का प्रदर्शन किया गया, उसकी जितनी निंदा की जाए, उतनी कम है। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर भरोसा व्यक्त करने का काम किया है। दिल्ली विश्वविद्यालय के चुनाव परिणाम से विद्यार्थियों के समर्थन का रुझान स्पष्ट हुआ है। देशभर से विद्यार्थी दिल्ली विश्वविद्यालय में अध्ययन करते हैं। एनएसयूआई के प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस की ओर से किए जा रहे दावों के बाद चुनाव परिणाम ने उन दावों की वास्तविकता सामने ला दी है।

बैठक में प्रदेश के सभी संभाग प्रभारी एवं संगठन के प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में पंचायत चुनावों को लेकर संगठनात्मक तैयारियों, रणनीति और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की गई। इस बैठक के साथ भाजपा ने आगामी पंचायत चुनावों के लिए संगठनात्मक स्तर पर अपनी तैयारियों और रणनीति को आगे बढ़ाने का संकेत दिया।

Next Story