बांसवाड़ा, 26 अक्टूबर। राजस्थान में निकाय चुनावों में मिली सफलता के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अब पंचायत राज चुनावों में भी भाजपा की जीत दोहराने के लिए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जुटने का आह्वान किया है। सोमवार को बांसवाड़ा जिले की घाटोल तहसील के खमेरा में भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प से प्रेरणा लेकर राज्य सरकार प्रदेश के विकास और जनकल्याण के लिए प्रतिबद्धता से काम कर रही है। उन्होंने निकाय चुनावों में मिली सफलता को कार्यकर्ताओं की मेहनत, पार्टी के प्रति निष्ठा और जनता से निरंतर संवाद का परिणाम बताते हुए कहा कि अब पंचायत राज चुनावों में भी इसी प्रदर्शन को दोहराना है और सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 204 नगरीय निकायों में भाजपा के बोर्ड बने हैं। वहीं, 10 नगर निगमों में से 9 में भाजपा के महापौर हैं। बांसवाड़ा के तीन में से दो, डूंगरपुर के दोनों और प्रतापगढ़ के चार में से तीन निकायों में भाजपा को सफलता मिली है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस जनसमर्थन को पंचायत राज चुनावों में भी बरकरार रखने के लिए पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ काम करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने ग्राम विकास संकल्प पत्र-2026 को ग्रामीण विकास और सुशासन का ब्लू प्रिंट बताते हुए कहा कि इसके तहत गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और परिवहन सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। प्रत्येक ग्राम पंचायत में अटल ज्ञान केंद्र, किसान सेवा सहकारी समितियां, सीनियर सेकेंडरी स्कूल, इंटरनेट सुविधा और सार्वजनिक स्थलों पर सोलर लाइट की व्यवस्था करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही स्वास्थ्य केंद्रों में सुविधाओं का विस्तार, रोडवेज एवं मिनी बस सेवाओं की शुरुआत, खेल मैदानों और ओपन जिम का विकास भी संकल्प पत्र में शामिल है।

उन्होंने कहा कि आगामी 5 वर्षों में प्रत्येक ग्राम पंचायत में औसतन 5 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए जाएंगे। प्रदेश में 19 हजार किलोमीटर मिसिंग लिंक सड़कों पर नौ हजार करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 3 हजार किलोमीटर से अधिक सड़कें बनाई जाएंगी। गांवों में आदर्श बाजार, पार्क, ओपन जिम और फूड कोर्ट विकसित किए जाएंगे। पात्र परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराने के साथ 25 लाख नए पट्टे अथवा स्वामित्व कार्ड वितरित करने का भी संकल्प लिया गया है।

किसानों के कल्याण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी आय बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की वार्षिक सहायता 12 हजार रुपये करने और गेहूं की खरीद बोनस सहित 2,700 रुपये प्रति क्विंटल की दर से करने का संकल्प लिया गया है। इसके अलावा राजस्थान एग्रीकल्चर एक्सीलेटर मिशन शुरू किया जाएगा। फसलों में कीट नियंत्रण के लिए 150 करोड़ रुपये का पेस्ट कंट्रोल फंड बनाया जाएगा। प्रदेश में 20 हजार नई डेयरी सहकारी समितियां स्थापित करने और पांच लाख अतिरिक्त पशुधन किसान क्रेडिट कार्ड जारी करने की योजना भी बनाई गई है।

महिला सशक्तीकरण के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 लाख ग्रामीण महिलाओं को लखपति दीदी श्रेणी में लाने का लक्ष्य है। लखपति दीदियों को 1.5 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर डेढ़ लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। स्वयं सहायता समूहों को एक हजार करोड़ रुपये की सहायता देने और 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक का बैंक क्रेडिट लिंकेज उपलब्ध कराने का संकल्प लिया गया है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत गर्भवती एवं धात्री माताओं की सहायता राशि पांच हजार रुपये से बढ़ाकर आठ हजार रुपये करने की योजना है। पात्र विधवा एवं परित्यक्ता महिलाओं की पेंशन भी 1,500 रुपये प्रतिमाह करने का संकल्प लिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। ग्राम विकास संकल्प पत्र में 15 हजार नए स्कूल भवन, 35 हजार अतिरिक्त कक्षा-कक्ष और 20 हजार शौचालयों के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को 1,200 रुपये वार्षिक सहायता दी जाएगी। बड़े उद्योगों के माध्यम से 20 से 25 लाख रोजगार अवसर सृजित करने और युवाओं को 10 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराने का संकल्प भी शामिल है।

बांसवाड़ा जिले में विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पौने तीन वर्षों में 4,272 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। बांसवाड़ा सहित 11 शहरों में 275 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल आपूर्ति के कार्य किए जा रहे हैं। अजमेर-बांसवाड़ा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है। बिलोदा में माही नदी पर 60 करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण के लिए निविदा आमंत्रित की गई है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रतापगढ़ जिले में 1,257 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत 12,382 आवास पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 13 हजार 363 आवास निर्माणाधीन हैं। सलूंबर जिले में 4 हजार 155 करोड़ रुपये के विकास कार्य किए जा रहे हैं। सेमारी एवं सराड़ा को सलूंबर से जोड़ने वाली 40 किलोमीटर सड़क का निर्माण पूरा हो चुका है। जिला अस्पताल भवन का निर्माण जारी है और दो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में क्रमोन्नत किया गया है।

मुख्यमंत्री ने अनुसूचित जनजाति बहुल आठ जिलों के 47 ब्लॉकों में जॉब कार्डधारी परिवारों को राज्य सरकार की ओर से अतिरिक्त 50 दिवस का रोजगार दिए जाने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पीएम-जनमन योजना के तहत बारां में 15 से ज्यादा आवास पूर्ण किए जा चुके हैं। उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना में 767 करोड़ से अधिक रुपये खर्च कर 4.36 लाख विद्यार्थियों को लाभान्वित किया गया है। वहीं, आठ जिलों में 530 वनधन विकास केंद्रों के माध्यम से 1.53 लाख महिला सदस्य लाभान्वित हुई हैं।

ग्रामीण विरासत के संरक्षण पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों के स्वतंत्रता सेनानियों, लोक परंपराओं और गौरवशाली इतिहास को संरक्षित करने के लिए डिजिटल आर्काइव तैयार किए जाएंगे। ग्रामीण प्रतिभाओं को सम्मानित करने के उद्देश्य से ग्राम गौरव अभियान भी चलाया जाएगा।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भाजपा कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने तथा हर गांव और हर बूथ पर कमल खिलाने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए एकजुट होकर काम करने की अपील की। ग्राम विकास संकल्प पत्र-2026 के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं, किसान कल्याण, महिला सशक्तीकरण और युवा रोजगार को लेकर सरकार की प्रस्तावित योजनाओं को पंचायत चुनावों के संदर्भ में प्रमुखता से सामने रखा गया।

Next Story