राजस्थान में हाल ही में हुए नगरीय निकाय चुनावों में सफलता के बाद भारतीय जनता पार्टी ने अब आगामी पंचायतराज चुनावों की तैयारियों को तेज कर दिया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन ने शुक्रवार को जयपुर में जनप्रतिनिधियों एवं संगठन पदाधिकारियों के साथ संवाद कर निकाय चुनावों में सफलता की बधाई दी और पंचायत चुनावों के लिए ठोस रणनीति, आपसी सहयोग तथा समन्वय के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

श्री नितिन नवीन ने कहा कि ‘नेशन फर्स्ट, पार्टी नेक्स्ट, सेल्फ लास्ट’ की भावना को आत्मसात करते हुए जनसेवा के संकल्प को साकार करना भाजपा से जुड़े सभी जनप्रतिनिधियों, संगठन पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने राजस्थान में नगरीय निकाय चुनावों में मिली सफलता को प्रदेश नेतृत्व, संगठन और कार्यकर्ताओं के परिश्रम एवं प्रभावी रणनीति का परिणाम बताया।

उन्होंने कहा कि जीत का सेहरा सभी का है और निकाय चुनाव को आगामी पंचायत चुनाव की दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव मानकर आगे बढ़ना होगा। सफलता के साथ आत्मचिंतन और समीक्षा को भी जरूरी बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे संगठन को निरंतर मजबूत करने और सही दिशा में आगे बढ़ने में मदद मिलती है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में निकाय चुनाव में सफलता प्राप्त करने वाले कार्यकर्ताओं को पंचायत चुनाव में सक्रिय रूप से लगाने की बात भी उन्होंने कही।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। जनता के बीच जाकर उनकी अपेक्षाओं और मांगों को समझना, उसी आधार पर योजनाएं बनाना तथा उनके क्रियान्वयन के दौरान जनता की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना ही सुशासन की पहचान है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जनकल्याण और विकास के लिए एक से बढ़कर एक योजनाएं और कार्यक्रम लाए गए हैं। जनप्रतिनिधि क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहेंगे तो इन योजनाओं और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन का यश जनता के बीच संगठन को जरूर मिलेगा।

श्री नितिन नवीन ने ग्रामीण क्षेत्रों में पार्टी की पकड़ और मजबूत करने के लिए प्रत्येक पंचायत समिति, जिला परिषद और बूथ की राजनीतिक एवं सामाजिक परिस्थितियों का सूक्ष्म आकलन करने पर जोर दिया। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के आगामी दिनों का अधिकतम उपयोग करते हुए चुनावी तैयारियों को गति देने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत 2047 के संकल्प को पूरा करने के लिए संगठन को मजबूती, सक्रियता और जनता से सीधा संवाद रखते हुए कार्य करना होगा।

मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए राजस्थान में विकास की गति को निरंतर बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखण्ड और हरियाणा की तरह राजस्थान में भी भारतीय जनता पार्टी को लगातार सत्ता में बनाए रखने के लिए जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को जनसेवा की मिसाल बनानी होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी पंचायत चुनावों के लिए अभी से पूरी ताकत और मेहनत के साथ जुट जाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राजस्थान में पिछले ढाई वर्षों में अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्य हुए हैं। राज्य सरकार ने विधायकों और जनप्रतिनिधियों को भी विकास कार्यों के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध करवाया है। पंचायत चुनावों के मद्देनजर विकास रथों के जरिये सरकार के कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही, प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों की पुस्तिका तैयार कर उपलब्ध कराई गई है।

पार्टी प्रदेशाध्यक्ष श्री मदन राठौड़ ने स्थानीय निकाय चुनावों में पार्टी की सफलता के लिए जनप्रतिनिधियों एवं चुनाव संचालन समिति के सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता संगठन की मेहनत, समन्वित रणनीति और कार्यकर्ताओं के परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने निकाय चुनावों के परिणामों का उल्लेख करते हुए कहा कि जहां पार्टी ने अच्छा प्रदर्शन किया है, वहां की रणनीति से सीख लेते हुए उसे पंचायत चुनाव में अपनाया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में विकसित भारत, विकसित राजस्थान के लक्ष्य की दिशा में विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने आगामी पंचायत समिति एवं जिला परिषद चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं से जीत का संकल्प लेकर चुनावी मैदान में उतरने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रति निष्ठा, अनुशासन और सामूहिक निर्णय ही संगठन की सफलता का आधार हैं तथा भाजपा की विजय और संगठन की मजबूती के लिए कार्य करना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।

इस दौरान उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी व डॉ. प्रेम चन्द बैरवा, प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया, सहप्रभारी कविता पाटीदार, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुन्धरा राजे, राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी व डॉ. सतीश पूनिया, प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार सहित वरिष्ठ पदाधिकारी, मंत्री, सांसद और विधायक उपस्थित रहे। निकाय चुनावों के बाद जयपुर में हुई इस संगठनात्मक कवायद में आगामी पंचायतराज चुनावों के लिए रणनीति, समन्वय और जमीनी सक्रियता पर पार्टी नेतृत्व का जोर स्पष्ट रहा।

Next Story