जैसलमेर, 11 नवंबर 2026। राजस्थान में नगरीय निकाय चुनावों में मिली सफलता के बाद अब भाजपा ने पंचायत चुनावों में भी जीत का लक्ष्य तय कर दिया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को जैसलमेर में भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए हर ग्राम पंचायत में कमल खिलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केंद्र, राज्य और पंचायतों में भाजपा की सरकार बनने से ट्रिपल इंजन सरकार स्थापित होगी, जो प्रदेश में विकास की रफ्तार तीन गुना करने का आधार बनेगी।

मुख्यमंत्री ने नगरीय निकाय चुनावों में भाजपा को मिली सफलता के लिए कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत केवल प्रत्याशियों की नहीं, बल्कि प्रत्येक बूथ कार्यकर्ता की मेहनत का परिणाम है। कार्यकर्ताओं ने घर-घर संपर्क कर पार्टी की विचारधारा और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रसेवा का अभियान है और समर्पित कार्यकर्ता इसकी सबसे बड़ी ताकत हैं। कार्यकर्ताओं के तप, त्याग और कठिन परिश्रम के दम पर ही पार्टी आज इस मुकाम तक पहुंची है। सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारने और आमजन की अपेक्षाओं से सरकार को अवगत कराने में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनकी मेहनत और जनता के विश्वास का ही परिणाम है कि प्रदेश के 204 नगरीय निकायों में भाजपा के बोर्ड बने हैं और 10 में से 9 नगर निगमों में भाजपा के महापौर निर्वाचित हुए हैं। जैसलमेर नगर परिषद में भी भाजपा का बोर्ड बनना संगठन की एकजुटता को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने पंचायत चुनावों में जीत के लिए कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नगरीय निकाय चुनावों के बाद अब प्रदेश में पंचायत राज चुनाव हो रहे हैं। जैसलमेर में चौथे चरण का मतदान 14 नवंबर से शुरू होगा। ऐसे में कार्यकर्ता प्रत्येक गांव और ढाणी तक पहुंचकर आमजन से संवाद करें और उनका विश्वास जीतें। क्षेत्र में हुए विकास कार्यों तथा भाजपा की नीतियों की जानकारी देकर पंचायतों में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत लगाएं।

मुख्यमंत्री ने ग्राम विकास संकल्प पत्र-2026 को ग्रामीण राजस्थान के सर्वांगीण विकास का रोडमैप बताते हुए कहा कि इसके तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत में युवाओं के लिए अटल ज्ञान केंद्र, किसानों के लिए जीएसएस और सीनियर सेकेंडरी स्कूल की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही इंटरनेट सुविधा, सामुदायिक स्थलों पर सोलर लाइट, आपातकालीन सेवाओं से युक्त स्वास्थ्य केंद्र, नियमित रोडवेज एवं मिनी बस सेवाएं, खेल मैदान और ओपन जिम विकसित किए जाएंगे।

किसान कल्याण को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत वार्षिक सहायता बढ़ाकर 12 हजार रुपये की जाएगी। गेहूं की खरीद 2,700 रुपये प्रति क्विंटल की दर से होगी। किसानों को कीट नियंत्रण संबंधी सहायता उपलब्ध कराने के लिए 150 करोड़ रुपये का पेस्ट कंट्रोल फंड बनाया जाएगा। इसके अलावा 20 हजार नई डेयरी सहकारी समितियां स्थापित की जाएंगी।

महिला सशक्तीकरण के संबंध में उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य 25 लाख ग्रामीण महिलाओं को लखपति दीदी बनाना है। लखपति दीदियों को ऋण उपलब्ध कराने के साथ महिला स्वयं सहायता समूहों को एक हजार करोड़ रुपये की सहायता दी जाएगी तथा 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक का बैंक क्रेडिट लिंकेज उपलब्ध कराया जाएगा। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत सहायता राशि 5 हजार रुपये से बढ़ाकर 8 हजार रुपये की जाएगी। पात्र विधवा एवं परित्यक्ता महिलाओं की पेंशन 1,500 रुपये निर्धारित की जाएगी।

शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में प्रस्तावित कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 15 हजार नए स्कूल भवन, 35 हजार अतिरिक्त कक्षा-कक्ष और 20 हजार शौचालय बनाए जाएंगे। बड़े उद्योगों के माध्यम से 20 से 25 लाख रोजगार सृजित करने तथा युवाओं को 10 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

ग्रामीण बुनियादी ढांचे के विकास के लिए आगामी पांच वर्षों में प्रत्येक ग्राम पंचायत में औसतन 5 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए जाएंगे। इसके तहत 19 हजार किलोमीटर मिसिंग लिंक सड़कों का निर्माण, पक्के मकानों की व्यवस्था, 25 लाख नए पट्टे एवं स्वामित्व कार्ड जारी करने और शत-प्रतिशत ग्रामीण परिवारों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने जैसलमेर के विकास कार्यों का विवरण देते हुए बताया कि जिले में लगभग 3 हजार 50 करोड़ रुपये के कार्य करवाए जा रहे हैं। सिंचाई एवं जलापूर्ति सुविधाओं के विस्तार के लिए आईजीएनपी की विभिन्न शाखाओं में 250 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। सागरमल गोपा शाखा के जीर्णोद्धार पर 250 करोड़ रुपये तथा गुरु जम्भेश्वर लिफ्ट नहर की री-मॉडलिंग एवं स्प्रिंकलर सिंचाई पर 190 करोड़ रुपये के कार्य जारी हैं। बाबा रामदेव ब्रांच के आधुनिकीकरण पर 140 करोड़ रुपये और जयनारायण व्यास लिफ्ट नहर क्षेत्र में स्प्रिंकलर सिंचाई के लिए 75 करोड़ रुपये के कार्य प्रगतिरत हैं।

सड़क सुविधाओं के विस्तार के लिए जैसलमेर रिंग रोड की डीपीआर तैयार की जा चुकी है। इसके अलावा 25 करोड़ रुपये की लागत से प्रमुख शहरी सड़कों का नवीनीकरण एवं सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। बरना-गांगा-निम्बा-बीदा-सम सड़क का निर्माण 15 करोड़ रुपये से करवाया जा रहा है।

ऊर्जा क्षेत्र में भोपा एवं फतेहगढ़ में 220 केवी जीएसएस स्थापित किए जा रहे हैं। वहीं, सांकड़ा, सत्याया फांटा, फलसूंड और डांगरी में 132 केवी जीएसएस की स्थापना का कार्य किया जा रहा है।

पर्यटन और विरासत संरक्षण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि पूनम स्टेडियम में भूमिगत पार्किंग, किला पार्किंग तक हेरिटेज वॉक-वे और सौंदर्यीकरण के लिए 70 करोड़ रुपये के कार्यों का कार्यादेश जारी किया गया है। खाभा फोर्ट में फॉसिल पार्क एवं ओपन रॉक म्यूजियम, जैसलमेर पेनोरमा और नाचना में नवीन आईटीआई भवन विकसित किए जा रहे हैं। राष्ट्रीय मरु उद्यान में 2 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में गोडावण संरक्षण के कार्य भी करवाए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने वर्ष 2026-27 के बजट में जैसलमेर के लिए की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन का उल्लेख करते हुए कहा कि सागरमल गोपा शाखा पर 270 करोड़ रुपये की लागत से बैलेंसिंग रिजर्वायर निर्माण को स्वीकृति दी गई है। मोहनगढ़ से गजरूप सागर तक 196 करोड़ रुपये की लागत से अतिरिक्त पाइपलाइन, 30 एमएलडी फिल्टर प्लांट और डिग्गी का निर्माण किया जाएगा। वहीं, बाड़मेर लिफ्ट पेयजल परियोजना के मोहनगढ़ स्थित हेडवर्क्स के सुदृढ़ीकरण पर 50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि पश्चिमी राजस्थान की विशिष्ट मरुस्थलीय संस्कृति और विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए जैसलमेर सहित पांच जिलों को जोड़कर थार सांस्कृतिक सर्किट विकसित किया जाएगा। खुड़ी में अल्ट्रा लग्जरी स्पेशल टूरिज्म जोन बनाया जाएगा। इसके अलावा जैसलमेर में 30 करोड़ रुपये की लागत से सिंथेटिक ट्रैक एवं स्विमिंग पूल विकसित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से नगरीय निकाय चुनावों की तरह पंचायत चुनावों में भी भाजपा की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि केंद्र, राज्य और पंचायतों में भाजपा की सरकार बनने से ट्रिपल इंजन सरकार के माध्यम से विकास कार्यों को तिगुनी गति मिलेगी।

इस अवसर पर उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री के. के. विश्नोई, विधायक छोटू सिंह भाटी सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Next Story