राजस्थान में पंचायती राज चुनाव के तीसरे चरण में मतदान के बाद भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक जीत की उम्मीद जताई है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने मतदान प्रतिशत के रुझानों को पार्टी की बड़ी जीत का स्पष्ट संकेत बताते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं का उत्साह और भाजपा के प्रति विश्वास प्रदेश में विकास, पारदर्शिता और सुशासन की राजनीति को मिल रहे समर्थन को दर्शाता है।

मदन राठौड़ ने पंचायती राज चुनाव के तीसरे चरण में मतदान करने वाले सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी और मतदान को लेकर उत्साह यह स्पष्ट करता है कि जनता विकास, सुशासन और जनकल्याण की राजनीति के साथ खड़ी है। उन्होंने विश्वास जताया कि पंचायत चुनाव के चौथे चरण में भी प्रदेश की जनता भाजपा को व्यापक समर्थन देगी। इससे प्रदेश में पार्टी की विकासोन्मुखी नीतियों को और मजबूती मिलेगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन और गरीब कल्याण अन्न योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं ने आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है। इन योजनाओं के जरिए जरूरतमंदों तक लाभ पहुंचा है और केंद्र सरकार के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति अंत्योदय के ध्येय के साथ काम करती है।

राठौड़ ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार राजस्थान के सर्वांगीण विकास की दिशा में काम कर रही है। किसान कल्याण, महिला सशक्तीकरण, युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। भाजपा सरकार हर क्षेत्र में सभी वर्गों के कल्याण और उत्थान के लिए काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि ग्राम विकास के संकल्प पत्र के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी ने अपना विजन स्पष्ट कर दिया है। इसी आधार पर प्रदेश की जनता बढ़-चढ़कर मतदान कर रही है। राठौड़ के अनुसार, जनता विकास, पारदर्शिता और सुशासन को प्राथमिकता दे रही है, जिससे पंचायत चुनाव में भाजपा की जीत की संभावनाएं और मजबूत हुई हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने तीसरे चरण के मतदान के रुझानों को पार्टी के प्रति ग्रामीण मतदाताओं के भरोसे का संकेत बताते हुए चौथे चरण में भी व्यापक समर्थन मिलने का विश्वास जताया है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story