जयपुर, 04 अक्टूबर 2026। पंचायत चुनावों की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने गांव, गरीब और किसान से जुड़े सरकार के कामों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर जोर दिया है। भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने ग्राम विकास के लिए ऐतिहासिक काम किए हैं और जनता में भाजपा के प्रति सकारात्मक माहौल है। उन्होंने विश्वास जताया कि पंचायती राज चुनाव में कमल खिलेगा।

प्रदेश सह प्रभारी कुलजीत सिंह चहल ने पंचायत चुनावों की तैयारियों के संबंध में प्रदेश मीडिया, सोशल मीडिया और आईटी विभाग की बैठक में प्रवक्ता, पैनलिस्ट और टीम के साथ संवाद किया। उन्होंने कहा कि गांव, गरीब और किसान की खुशहाली के लिए भाजपा सरकार ने ऐतिहासिक काम किए हैं। इन कामों को हर घर तक ले जाने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं की है और पार्टी के कार्यकर्ता हरावल दस्ते के रूप में सदा तैयार रहते हैं।

कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि राजस्थान में चाहे ईआरसीपी हो या यमुना जल समझौता, किसान के खेत और खलिहान तक पानी पहुंचाने की दिशा में यह बड़ा कदम है। इसी प्रकार जल जीवन मिशन के माध्यम से सुदूर गांवों और ढाणियों तक हर घर तक जल पहुंचाने का ऐतिहासिक काम हुआ है। इसे लेकर जनता में भारतीय जनता पार्टी के प्रति जबरदस्त उत्साह है।

उन्होंने कहा कि किसान के खेत में पानी, समय पर बीज और खाद, फसल का बीमा, बीमारी में आयुष्मान योजना का लाभ और किसान सम्मान निधि के माध्यम से सीधे खाते में धन की प्राप्ति किसान कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना में मिला घर, महिलाओं के सम्मान के लिए बने शौचालय और गांवों तक शहरों को जोड़ती प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़कें ग्राम विकास की एक अलग ही झांकी दिखाती हैं। उन्होंने टीम का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार के कामों को जनता तक पहुंचाने के लिए प्रत्येक माध्यम का उपयोग करें।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने कहा कि मीडिया, सोशल मीडिया और आईटी विभाग संगठन का महत्वपूर्ण घटक है। इससे जुड़े कार्यकर्ता सजग और सचेत रहें तथा सरकार की योजनाओं और संगठन की नीति को पहुंचाने और प्रतिपक्ष की नकारात्मक राजनीति का जवाब देने के लिए सदैव तैयार रहें।

अजेय कुमार ने कहा कि राजस्थान के निकाय चुनाव में जनता ने जिस प्रकार आशीर्वाद दिया, उसी प्रकार पंचायत चुनाव में ग्राम विकास के लिए जनता का आशीर्वाद भाजपा को मिलेगा। उन्होंने कहा कि गांव, गरीब, खेत-खलिहान की चिंता और उनके कल्याण के लिए योजना बनाकर उसे धरातल पर उतारने का काम भाजपा सरकार ने किया है।

बैठक में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, भूपेंद्र सैनी, मीडिया विभाग के प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ, सोशल मीडिया विभाग प्रभारी हिरेन्द्र कौशिक, आईटी विभाग के प्रभारी अविनाश जोशी सहित प्रदेश प्रवक्ता, पैनलिस्ट और तीनों विभागों की टीम के प्रमुख सदस्य उपस्थित थे।

Next Story