राजस्थान सरकार ने विमुक्त, घुमन्तू एवं अर्द्धघुमन्तू परिवारों के आवास और सामाजिक-आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जयपुर में 473 परिवारों को आवास आवंटित किए। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में आयोजित आवास-फ्लेट्स आवंटन समारोह में चिन्हित लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से आवंटन पत्र और आवास की चाबी सौंपी।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार वंचित वर्गों के प्रति संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए उनके आर्थिक और सामाजिक सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। विमुक्त, घुमन्तू एवं अर्द्धघुमन्तू परिवार समाज की आवश्यकताओं की पूर्ति करते हैं। सरकार उनके आवास, शिक्षा सहित बुनियादी जरूरतों पर विशेष ध्यान दे रही है, ताकि वे विकास की मुख्यधारा से जुड़ सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के संकल्प को साकार करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जरूरतमंदों और वंचितों को संबल प्रदान कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने सामाजिक न्याय एवं समावेशी विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, जिससे अंतिम पायदान के व्यक्ति तक राहत पहुंच रही है।

उन्होंने विमुक्त, घुमन्तू एवं अर्द्धघुमन्तू परिवारों से अपने बच्चों और युवाओं को पढ़ाने, योग्य बनाने तथा राष्ट्र निर्माण में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने आमजन से भी जरूरतमंदों एवं पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए तत्परता से कार्य करने की अपील की, ताकि उनके जीवन में ज्योति फैल सके।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जयपुर में 473 परिवारों को आवास दिए गए हैं। जयसिंहपुरा खोर की आवासीय योजना में लाभार्थियों को एक बेडरूम-हॉल-किचन युक्त आवास मिला है। इसके अलावा कोटा में 50 फ्लैट और जोधपुर में 80 भूखंड आवंटन के लिए तैयार हैं।

उन्होंने कहा कि पक्के घर का आवंटन पत्र लाभार्थी परिवारों के सम्मान, सुरक्षा, स्थायित्व और बेहतर भविष्य का अधिकार-पत्र है। राज्य सरकार हर जिले में आवश्यकता का आकलन कर पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध कराने की सूची में जोड़ रही है।

आवास के साथ-साथ भूमि के अधिकार पर तेजी से कार्य जारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने शहरी क्षेत्र में घुमन्तू, अर्द्धघुमन्तू, गाड़िया लोहार एवं कालबेलिया समुदाय के परिवारों को अब तक 838 भूखंड एवं 106 फ्लैट आवंटित किए हैं। मुख्यमंत्री घुमन्तू आवास योजना के अंतर्गत 303 परिवारों को लाभान्वित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आवास के साथ-साथ भूमि के अधिकार की दिशा में भी तेजी से काम किया गया है। इन समुदायों के परिवारों को कुल 22 हजार 790 पट्टे वितरित किए गए हैं। वहीं, ग्रामीण सेवा शिविरों में अतिरिक्त 15 हजार 412 पट्टे वितरित किए जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि घुमन्तू, अर्द्धघुमन्तू एवं विमुक्त आवासहीन परिवारों एवं बीपीएल परिवारों को अब तक 2 लाख 67 हजार से अधिक पट्टे जारी किए जा चुके हैं। इन समुदायों के सशक्तीकरण एवं उत्थान की दृष्टि से दादूदयाल घुमन्तू सशक्तीकरण योजना भी शुरू की गई है।

उन्होंने बताया कि राजस्थान में विमुक्त, घुमन्तू एवं अर्द्धघुमन्तू समुदायों की कुल 32 जातियां अधिसूचित हैं। इन जातियों को पहचान प्रमाण-पत्र जारी करने के लिए विशेष शिविर आयोजित किए गए और अब तक कुल 71 हजार से अधिक घुमन्तू पहचान प्रमाण-पत्र जारी किए जा चुके हैं।

नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश सर्वांगीण विकास की ओर तेजी से अग्रसर है। प्रधानमंत्री की ‘सबका साथ-सबका विकास’ की मूल भावना के अनुरूप गरीब और जरूरतमंदों को आवास उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के माध्यम से आवासहीन परिवारों के घर का सपना पूरा हो रहा है।

कार्यक्रम में विधि एवं न्याय मंत्री जोगाराम पटेल, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, अतिरिक्त मुख्य सचिव नगरीय विकास एवं आवासन आलोक गुप्ता, समाजसेवी महेन्द्र सिंह राजावत सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण तथा विमुक्त, घुमन्तू और अर्द्धघुमन्तू परिवार उपस्थित रहे। विधायक अतुल भंसाली, देवेन्द्र जोशी, संदीप शर्मा और कल्पना देवी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।

जयपुर में 473 परिवारों को आवास आवंटन के साथ राज्य सरकार ने विमुक्त, घुमन्तू एवं अर्द्धघुमन्तू परिवारों के लिए आवास, भूमि अधिकार, पहचान प्रमाण-पत्र और सरकारी योजनाओं से जुड़ाव की दिशा में जारी प्रयासों को आगे बढ़ाया है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story