जयपुर, 21 सितंबर 2026। राजस्थान के नगर निकाय चुनावों में भाजपा की जीत के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विकास एवं जनहितैषी कार्यों पर जनता ने विश्वास जताया है। राठौड़ ने कहा कि भाजपा को नगर निगमों के साथ नगर परिषदों और नगर पालिकाओं में भी जनता का व्यापक समर्थन मिला है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने निकाय चुनाव परिणामों पर आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान में स्थानीय निकाय चुनाव संपन्न हुए हैं। परिणामों में प्रदेश की जनता ने भाजपा को व्यापक समर्थन और आशीर्वाद दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की ‘वन स्टेट, वन इलेक्शन’ की अवधारणा के तहत कराए गए निकाय चुनाव से चुनावी खर्च में कमी आई है और सरकार को विकास एवं जनकल्याण के लिए पर्याप्त समय भी मिल सकेगा।

राठौड़ ने कहा कि निकाय चुनावों के परिणामों में भाजपा को नगर निगमों में व्यापक सफलता मिली है। नगर परिषदों और नगर पालिकाओं में भी पार्टी को जनता का मजबूत समर्थन प्राप्त हुआ है। प्रदेश की 10 नगर निगम में से आज जारी 7 नगर निगम के परिणामों में 6 में भाजपा को भारी बहुमत मिला है। अलवर, भीलवाड़ा, अजमेर, पाली, उदयपुर और भरतपुर में भाजपा का मेयर बना है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जनता के सामने जो संकल्प पत्र रखा था, उस पर जनता ने विश्वास जताया है। भाजपा के निर्वाचित प्रतिनिधि जनता की सेवा के लिए पूरी तरह समर्पित रहेंगे और संकल्प पत्र में किए गए वादों को पूरा करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि आगामी पंचायत चुनावों में भी पार्टी कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ जनता के बीच जाएंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों के परिणामों में राजस्थान की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास के विजन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में किए जा रहे विकास कार्यों पर विश्वास जताया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रत्येक व्यक्ति को आवास उपलब्ध कराने, स्वच्छता का वातावरण बनाने और घर-घर शौचालय निर्माण जैसे कार्य हुए हैं। रेलवे के आधुनिकीकरण, डबल ट्रैक और विद्युतीकरण, सड़कों के सुदृढ़ीकरण, सिंचाई परियोजनाओं, बांधों के निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण सहित आधारभूत ढांचे के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है।

उन्होंने कहा कि किसानों के हित में न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से सहायता तथा कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के प्रयास किए गए हैं। ‘मेक इन इंडिया’ के माध्यम से देश में औद्योगिक विकास और निवेश को बढ़ावा दिया गया है। निवेशकों को आमंत्रित कर उद्योग स्थापित करने की दिशा में प्रयास हुए हैं, जिससे रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं।

राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान में ईआरसीपी को आगे बढ़ाने, यमुना जल समझौते को मूर्त रूप देने, पंजाब से राजस्थान को मिलने वाले पानी की व्यवस्था मजबूत करने तथा नर्मदा जल की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के अतिरिक्त राज्य सरकार की ओर से भी आर्थिक सहायता दी जा रही है और फसल बीमा का लाभ किसानों तक पहुंचाने पर सरकार का विशेष ध्यान है।

उन्होंने कहा कि ‘राइजिंग राजस्थान’ के माध्यम से प्रदेश में निवेश और उद्योगों को बढ़ावा दिया गया है। प्रदेश में नए उद्योग स्थापित हुए हैं और रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं। सरकारी भर्तियों के माध्यम से युवाओं को रोजगार देने का भी कार्य किया गया है। आमजन को सुरक्षित वातावरण देने के लिए अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही चिकित्सा, सड़क, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण पर भी सरकार ने विशेष ध्यान दिया है। राठौड़ ने कहा कि राजस्थान की जनता ने इन विकास कार्यों को महत्व देते हुए स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा को अपना आशीर्वाद दिया है।

सवाल के जवाब में मदन राठौड़ ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर निशाना साधते हुए कहा, “डोटासरा बड़े आदमी हैं, मैं उनके बराबर नहीं हो सकता। वो अपने परिवार को लाभ दिला सकते हैं, वो परिवार के सदस्य को नौकरी दिला सकते हैं, वो ओबीसी का क्रिमिलेयर होते हुए भी लाभ ले सकते हैं, मैं उनकी बराबरी नहीं कर सकता।”

राठौड़ ने डोटासरा के संगठनात्मक ढांचे पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा, “पाली के सादड़ी में उनके प्रत्याशी को शून्य वोट मिले, पाली में कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी को तीन वोट मिले, ऐसे में मैं उनसे बराबरी कैसे कर सकता हूं। हम संगठन में विश्वास करते हैं।”

उन्होंने कहा, “डोटासरा अशोक गहलोत जी से टकराव कर सकते हैं, सचिन पायलट को बाहर निकालने का काम कर सकते हैं, जब विधानसभा से डोटासरा को बाहर भिजवाया जाता है तो वो माफी तक मांगने के लिए तैयार नहीं होते, ऐसे में नेता प्रतिपक्ष को सदन में आकर माफी मांगनी पड़ती है, ऐसे डोटासरा जी से मैं क्या बराबरी कर सकता हूं।”

नगर निकाय चुनाव परिणामों के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पार्टी की जीत को जनता के समर्थन और सरकार के विकास कार्यों पर जताए गए विश्वास से जोड़ते हुए निर्वाचित प्रतिनिधियों से संकल्प पत्र के वादों को पूरा करने के प्रयास की बात कही।

Next Story