जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार 'भारतमाला परियोजना' और राष्ट्रीय राजमार्गों के व्यापक विस्तार एवं आधुनिकीकरण के माध्यम से देशभर के बुनियादी ढांचे को अभूतपूर्व मजबूती प्रदान कर रही है। राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने केंद्र की दूरदर्शी नीतियों को रेखांकित करते हुए कहा कि राजमार्गों के इस कायाकल्प से न केवल लॉजिस्टिक्स लागत में भारी कमी आएगी, बल्कि निवेश, उद्योग, पर्यटन और रोजगार के नए अवसरों का सृजन होकर 'विकसित भारत' का संकल्प साकार होगा।

सदन में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन जयराम गडकरी द्वारा मदन राठौड़ के सवाल पर दिए गए आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, वर्तमान में संपूर्ण भारत में लगभग 27,300 किलोमीटर लंबाई की कुल 1,244 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं। इन विशालकाय परियोजनाओं पर केंद्र सरकार लगभग 7.60 लाख करोड़ रुपए का भारी-भरकम निवेश कर रही है। विकास की इस धारा का सीधा और सकारात्मक प्रभाव राजस्थान पर भी पड़ रहा है, जहाँ सड़क अवसंरचना के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य गतिमान हैं।

राजस्थान के परिप्रेक्ष्य में विवरण साझा करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बताया कि प्रदेश में फिलहाल लगभग 13,011 करोड़ रुपए की लागत से 772 किलोमीटर लंबी 36 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। इसके साथ ही, महत्वाकांक्षी ‘भारतमाला परियोजना’ के अंतर्गत राज्य में लगभग 2,360 किलोमीटर लंबाई की परियोजनाओं को आकार दिया जा रहा है, जिनमें से अधिकांश कार्य पूर्णता की ओर हैं। विकास की इसी निरंतरता में वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान राजस्थान को बड़ी सौगात देते हुए 9,104 करोड़ रुपए की लागत वाली 18 नई राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है। लगभग 514 किलोमीटर लंबी इन नवीन परियोजनाओं में झुंझुनूं-चिडावा-सिंघाना, नागौर बाईपास, जोधपुर एलिवेटेड रोड और सूरतगढ़-श्रीगंगानगर जैसे सामरिक व आर्थिक महत्व के मार्गों का विकास शामिल है, जो प्रदेश की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को नई ऊंचाई प्रदान करेंगे।

इतना ही नहीं, राजस्थान में एक्सप्रेस-वे नेटवर्क को सुदृढ़ करने के लिए केंद्र सरकार लगभग 43,398 करोड़ रुपए की लागत से 1,310 किलोमीटर लंबाई के छह प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेस-वे पर तेजी से काम कर रही है। मदन राठौड़ ने जोर देकर कहा कि इन बुनियादी ढांचागत सुधारों से राजस्थान की विकास दर में तेजी आएगी और प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में मजबूती से स्थापित होगा। भाजपा सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और यह आधुनिक सड़क तंत्र इसी अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

Next Story