राजस्थान: सुमेरपुर में कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने छात्राओं को बांटी साइकिलें
कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने पीएमश्री विद्यालय में 67 छात्राओं को साइकिलें प्रदान कीं और शिक्षा के माध्यम से महिला सशक्तिकरण पर जोर दिया।

जयपुर। राजस्थान सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश की कोई भी बेटी अब संसाधनों के अभाव में शिक्षा से वंचित नहीं रहेगी। शनिवार को पाली जिले के सुमेरपुर स्थित पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान कैबिनेट मंत्री ने नौंवी कक्षा की 67 मेधावी बालिकाओं को निशुल्क साइकिलें वितरित कर उनके सपनों को नई उड़ान दी।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह और छात्राओं को संबोधित करते हुए श्री कुमावत ने कहा कि शिक्षा ही महिला सशक्तिकरण का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने जोर देकर कहा कि वितरित की जा रही ये साइकिलें मात्र यातायात का साधन नहीं, बल्कि बालिकाओं के लिए आत्मनिर्भरता और अडिग आत्मविश्वास का प्रतीक हैं। मंत्री ने छात्राओं का आह्वान किया कि वे पूरी लगन और कड़ी मेहनत के साथ अध्ययन कर अपने सपनों को साकार करें और समाज में अपनी एक विशिष्ट पहचान स्थापित करें। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि 'उम्मीद' केवल एक सरकारी योजना मात्र नहीं है, बल्कि यह प्रदेश की बेटियों के अरमानों को पंख देने का एक संजीदा प्रयास है।
कैबिनेट मंत्री ने राज्य की 'डबल इंजन' सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि वर्तमान सरकार महिलाओं के उत्थान और सर्वांगीण सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश में स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं की आजीविका संवर्धन की दिशा में भी प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार का अंतिम लक्ष्य हर बेटी को शिक्षित, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए विद्यालयों में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता को प्राथमिकता दी जा रही है ताकि विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए उत्कृष्ट वातावरण प्राप्त हो सके।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री कुमावत ने शिक्षा विभाग द्वारा संचालित पालनहार योजना, छात्रवृत्ति योजना, साइकिल वितरण योजना, गार्गी पुरस्कार और लाडो योजना जैसी महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की। समारोह में विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय सिंह गुर्जर, जिला उपाध्यक्ष पूनम सिंह परमार, सांसद प्रतिनिधि अनोपसिंह राठौड़, मंडल अध्यक्ष रविकांत रावल और बाबूलाल सुथार सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिन्होंने सरकार के इस कदम की सराहना की।

Ruturaj Ravan
यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।
