जयपुर। राजस्थान के लोकभवन में मंगलवार, 17 नवंबर को विभिन्न राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों का स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने भारत की सांस्कृतिक विरासत, नैतिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत उदात्त मूल्यों से जुड़ा ऐसा राष्ट्र है, जो पूरे विश्व को अपना मानता है और विश्व कल्याण की भावना से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि भारत ने विभिन्न सभ्यताओं और संस्कृतियों को अपनाया, लेकिन अपनी नैतिकता और जीवन मूल्यों की उदार दृष्टि को कभी नहीं छोड़ा। यही कारण है कि भारतीय संस्कृति आज भी अक्षुण्ण है और इसे कोई चाहकर भी नष्ट नहीं कर सकता।

राज्यपाल श्री बागडे लोकभवन में आयोजित स्थापना दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विभिन्न राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों से आए लोगों का अभिनंदन करते हुए कहा कि भारत के राज्य राष्ट्र की संप्रभुता और समृद्धता के प्रतीक हैं। उन्होंने राजस्थान में रहने वाले इन राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों के निवासियों को स्थापना दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि विविधताओं से समृद्ध भारतभूमि एकता की भावना के साथ 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' की संकल्पना को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

भारतीय संस्कृति की उदारता का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यहां हुण, ग्रीक, मुगल और अंग्रेज आए, लेकिन भारत ने सभी को अपनाने के बावजूद अपने मूल नैतिक मूल्यों और जीवन दर्शन को नहीं छोड़ा। उन्होंने 771 ईस्वी में भारत आए ह्वेनसांग का उल्लेख करते हुए कहा कि उसने अपने विवरण में लिखा था कि भारत के लोग जितने ईमानदार और नैतिक मूल्यों से जुड़े हैं, उतने किसी अन्य देश के लोग नहीं हैं।

श्री बागडे ने कहा कि अंग्रेजों ने भारत आने के बाद यहां के मूल मूल्यों पर प्रहार किया। उन्होंने देश की शिक्षा पद्धति में बदलाव किया, ताकि भारतीय अपनी संस्कृति से दूर हो सकें। इसके बावजूद भारत की सांस्कृतिक पहचान और जीवन मूल्यों की परंपरा बनी रही।

राज्यपाल ने विभिन्न राज्यों के स्थापना दिवस और उनके इतिहास की चर्चा करते हुए कहा कि भाषाएं भले ही अलग-अलग हों, लेकिन भावनाओं के स्तर पर भारत एक राष्ट्र है। उन्होंने सभी से राष्ट्र प्रथम की सोच के साथ कार्य करने का आह्वान किया और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत बनाने पर जोर दिया।

समारोह से पहले राज्यपाल ने राजस्थान में निवास कर रहे विभिन्न राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों के लोगों से संवाद किया तथा उनके अनुभव सुने। इस दौरान सिक्किम, गोवा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख, उत्तराखंड और झारखंड के निवासियों ने उनसे मुलाकात की। इनके अलावा आंध्रप्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, कर्नाटक, केरल, मध्यप्रदेश, पंजाब और तमिलनाडु सहित अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, चंडीगढ़, दिल्ली, लक्षद्वीप और पुडुचेरी के निवासी भी लोकभवन पहुंचे।

समारोह में राज्यपाल ने विविध भाषाओं, परंपराओं और सांस्कृतिक पहचानों के बावजूद भारत की साझा राष्ट्रीय भावना को देश की सबसे बड़ी विशेषता बताया।

Next Story