जयपुर, 20 जुलाई। राजस्थान ललित कला अकादमी, जयपुर ने इस वर्ष आयोजित होने वाली 67वीं वार्षिक कला प्रदर्शनी की नियमावली जारी कर दी है। अकादमी ने राज्य के युवा एवं वरिष्ठ चित्रकारों से प्रदर्शनी के लिए कलाकृतियां आमंत्रित की हैं।

अकादमी द्वारा आयोजित इस वार्षिक कला प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिता में निर्णायक मण्डल द्वारा चयनित 10 सर्वश्रेष्ठ कलाकृतियों को वार्षिक समारोह के दौरान पच्चीस-पच्चीस हजार रुपये के दस पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रदर्शनी का उद्देश्य राज्य के युवा एवं वरिष्ठ कलाकारों की उत्कृष्ट कलाकृतियों को मंच उपलब्ध कराना है।

अकादमी कार्यालय में कलाकृतियां जमा कराने की अंतिम तिथि 8 सितम्बर, 2026 निर्धारित की गई है। प्रदर्शनी से संबंधित नियमावली कार्यालय समय में राजस्थान ललित कला अकादमी के कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।

यह जानकारी राजस्थान ललित कला अकादमी के सचिव डॉ. रजनीश हर्ष द्वारा दी गई है। निर्धारित समय सीमा के भीतर कलाकृतियां जमा कराने वाले कलाकार ही प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिता में भाग ले सकेंगे।

Next Story