राजस्थान ललित कला अकादमी का 25वां कला मेला: वरिष्ठ कलाकारों ने कैनवास पर उकेरी कला
अकादमी के 25वें वर्ष पर संस्थापक कलाकारों का विशेष शिविर आयोजित, लुप्त होती फ्रेस्को आर्ट और कैलीग्राफी कार्यशाला में छात्रों ने सीखी कला की बारीकियां।

राजस्थान ललित कला अकादमी के 25वें कला मेले के चतुर्थ दिवस पर विशेष शिविर में कैनवास पर अपनी कलाकृतियां तैयार करते राजस्थान के वरिष्ठ ख्यातिप्राप्त कलाकार।
राजस्थान ललित कला अकादमी द्वारा आयोजित 25वें कला मेले का चतुर्थ दिवस राजस्थान के गौरव और कला की जीवंत परंपरा के संगम का गवाह बना। कला मेला-2026 के इस विशेष पड़ाव पर मेले के प्रांगण में वरिष्ठ एवं ख्यातिप्राप्त कलाकारों ने कैनवास पर कला का एक अद्भुत संसार रच दिया। अकादमी सचिव डॉ. रजनीश हर्ष ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि इस बार ललित कला अकादमी का यह 25वां कला मेला होने के कारण उन ख्यातिप्राप्त कलाकारों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया जिन्होंने कला मेले की नींव रखी थी। इन कलाकारों के लिए एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें इन सभी दिग्गजों ने तीन दिनों तक लगातार अपना कलाकर्म आमजन के प्रत्यक्ष सामने जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।
लुप्त होती फ्रेस्को आर्ट और कैलीग्राफी कार्यशाला का आकर्षण
कला मेले में राजस्थान की प्राचीन और लुप्त हो रही फ्रेस्को आर्ट की एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन डॉ. नाथूलाल वर्मा के कुशल निर्देशन में किया गया। इस कार्यशाला में बहुत से बच्चों ने फ्रेस्को कला की बारीकियों को सीखा और कलात्मक फ्रेस्को टाइल्स भी बनाईं, जिसे मेले में आए आगुन्तकों ने बखूबी सराहा। इसके साथ ही, प्रसिद्ध कलाकार हरिशंकर बालोटिया जी द्वारा कैलीग्राफी की एक विशेष कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया।
कैलीग्राफी की तकनीक और सृजनात्मकता का प्रशिक्षण
कला मेला संयोजक श्री हरशिव शर्मा ने बताया कि श्री हरिशंकर भालोठिया द्वारा आयोजित कैलीग्राफी कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को इस विधा में काम आने वाले विभिन्न स्टाइल, शेरिफ और कलम होल्डिंग इत्यादि के बारे में प्रायोगिकी (प्रैक्टिकल) के माध्यम से विस्तार से समझाया गया। भारी संख्या में दर्शकों ने कला मेला का लुत्फ उठाया और कलाकारों की सृजनात्मकता की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह की सूचना
आयोजन के अंतिम चरण की जानकारी देते हुए सचिव डॉ. रजनीश हर्ष ने बताया कि कल 21 तारीख को शाम 6 बजे कला मेले का विधिवत समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह का गरिमामय आयोजन किया जाएगा। इस समारोह में कलाकारों की प्रतिभा को सम्मानित करते हुए मेले का समापन होगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
