जयपुर में 11वीं राजस्थान ज्यूडिशल एम्पलॉइज प्रीमियर लीग-2026 क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ शनिवार को जीआर क्रिकेट ग्राउंड, बिंदायका में हुआ। जिला जयपुर न्याय क्षेत्र की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में न्यायिक जगत से जुड़े कई वरिष्ठ अधिकारियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत की। प्रतियोगिता 27 मई तक आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रदेश के विभिन्न न्याय क्षेत्रों की टीमें भाग ले रही हैं।

प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि जस्टिस समीर जैन रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला न्यायाधीश माधवी दिनकर एवं CJM रविन्द्र प्रताप सैनी उपस्थित रहे। उद्घाटन समारोह में अन्य न्यायिक अधिकारियों एवं गणमान्य व्यक्तियों की मौजूदगी ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।

राजस्थान ज्यूडिशल एम्पलॉइज प्रीमियर लीग-2026 में जयपुर महानगर, चित्तौड़गढ़, कोटा, श्रीगंगानगर, जयपुर ग्रामीण, पाली, जोधपुर, बीकानेर, सीकर, सवाई माधोपुर, झुंझुनूं एवं दौसा की टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता के माध्यम से न्यायिक कर्मचारियों के बीच खेल भावना, आपसी समन्वय और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।

इस दौरान न्यायिक कर्मचारी संघ के प्रदेश महासचिव पदम पंडित, न्यायालय कर्मचारी बचत व साख सहकारी समिति लि. जयपुर के अध्यक्ष अनिल पारीक, संघ के खेल मंत्री देशराज लूनीवाल, कृष्ण गोपाल पूनिया, प्रोटोकोल ऑफीसर, बृजेश शर्मा, बद्रीलाल चौधरी एवं अमित कुल्हरी सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

जयपुर में आयोजित यह प्रतियोगिता न्यायिक कर्मचारियों के बीच खेल प्रतिभा को मंच देने के साथ-साथ संगठनात्मक एकजुटता और सामूहिक सहभागिता का भी महत्वपूर्ण उदाहरण बन रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story