जोधपुर में राजस्थान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2026 का भव्य आगाज
पांच दिवसीय महोत्सव में 78 फिल्मों का प्रदर्शन होगा और पोलैंड फोकस देश के रूप में शामिल है, जिसमें मुकेश छाबड़ा और अनूप सोनी मास्टर क्लास लेंगे।

जोधपुर में आयोजित राजस्थान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2026 के उद्घाटन समारोह के दौरान उपस्थित फिल्म निर्माता, एम्बेसी अधिकारी और विशिष्ट अतिथि।
जोधपुर। राजस्थान की सांस्कृतिक राजधानी सूर्य नगरी जोधपुर में शनिवार से पांच दिवसीय राजस्थान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (RIFF) 2026 का भव्य आगाज होने जा रहा है। इस अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में 78 फिल्मों के प्रदर्शन के साथ देश-विदेश से फिल्मी हस्तियां, फिल्ममेकर, एम्बेसी ऑफिशियल और बड़ी संख्या में फिल्म प्रेमी हिस्सा लेंगे। साथ ही यह फेस्टिवल राजस्थानी भाषा, लोक कला और समृद्ध संस्कृति को आगे बढ़ाने का भी एक सशक्त मंच बनेगा। आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
ग्लोबल सिनेमा और पोलैंड पर विशेष फोकस
फेस्टिवल के आयोजक सोमेंद्र हर्ष ने संवाददाताओं से बातचीत में बताया कि "RIFF 2026 में भारत के अलावा अमेरिका, यूके, फ्रांस, जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया, इटली, सिंगापुर और वेनेजुएला जैसे देशों के फिल्ममेकर्स की फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।" इसके साथ ही विभिन्न देशों से आए फिल्ममेकर और एम्बेसी ऑफिशल्स भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। उन्होंने बताया कि इस वर्ष RIFF 2026 के लिए पोलैंड - पोलिश इंस्टिट्यूट को फोकस कंट्री बनाया गया है। पोलिश इंस्टिट्यूट के एम्बेसी ऑफिशल्स उद्घाटन और समापन समारोह में विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
प्रमुख अतिथियों की उपस्थिति और समय-सीमा
आयोजकों के अनुसार यह पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 31 जनवरी से 4 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर भारत सरकार के केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल, जोराराम कुमावत, राज्य मंत्री, के के बिश्नोई विधायक देवेंद्र जोशी और अतुल भंसाली को भी आमंत्रित किया गया है। राजस्थान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2026 न केवल सिनेमा के विविध रंगों को दर्शाएगा, बल्कि राजस्थानी लोक कला, संस्कृति और भाषा के वैश्विक प्रचार का भी सशक्त माध्यम बनेगा।
विशेष मास्टर क्लासेस: अभिनय की कला और अनुभव
महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न मास्टर क्लासेस का भी आयोजन होगा:
- मुकेश छाबड़ा (3 फरवरी): मुकेश छाबड़ा राजस्थान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में शिरकत करने आ रहे हैं। इस अवसर पर वे 3 फरवरी को मिराज सिनेमा, ब्लूसिटी मॉल में एक विशेष मास्टर क्लास "अभिनय की कला को खोजना" (Discovering the Craft of Acting) लेंगे, जहाँ वे फिल्म उद्योग में अभिनय की बारीकियों, ऑडिशन प्रक्रिया, किरदार की समझ और एक अभिनेता के रूप में खुद को तैयार करने के व्यावहारिक अनुभव साझा करेंगे। मुकेश छाबड़ा भारतीय सिनेमा के सबसे प्रतिष्ठित कास्टिंग डायरेक्टर, अभिनेता और फिल्म निर्देशक हैं। उन्होंने चिल्लर पाटी, रॉकस्टार, गैंग्स ऑफ वासेपुर, क्वीन, दिल्ली क्राइम, सेक्रेड गेम्स और धुंधर जैसी 300 से अधिक फिल्मों और वेब सीरीज़ के लिए कास्टिंग की है। 2020 में उन्होंने 'दिल बेचारा' से निर्देशन में कदम रखा।
- अनूप सोनी (4 फरवरी): अनूप सोनी 4 फरवरी को विशेष मास्टर क्लास लेंगे जो आत्मविश्वास विकसित करने, कैमरे के सामने पकड़ मजबूत करने और विभिन्न माध्यमों में अभिनय की बारीकियों को समझने पर केंद्रित रहेगी। अनूप सोनी एक प्रतिष्ठित भारतीय अभिनेता और टेलीविजन एंकर हैं, जिन्हें 'गंगाजल' और 'फ़िजा' जैसी फिल्मों और 'क्राइम पेट्रोल', 'बालिका वधू' तथा 'सी हॉक्स' जैसे धारावाहिकों के लिए पहचाना जाता है।
- रजित कपूर: "विचार और अभिनय के बीचः बनने की कला" शीर्षक से आयोजित यह मास्टरक्लास अभिनय की उस सूक्ष्म प्रक्रिया पर केंद्रित होगी, जहाँ विचार, भावनाएँ और प्रस्तुति एक-दूसरे से जुड़कर एक सशक्त अभिनय का निर्माण करती हैं। रजित कपूर वर्ष 1996 में बनी फ़िल्म 'द मेकिंग ऑफ द महात्मा' में महात्मा गांधी की भूमिका के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्राप्त कर चुके हैं। वे 'व्योमकेश बख्शी' की भूमिका के लिए भी लोकप्रिय हैं।
साहित्यिक चर्चा: सीमा कपूर की आत्मकथा
सीमा कपूर की आत्मकथा "यूँ गुजरी है अब तलक" पर बात की जायगी। सीमा कपूर का बचपन पारम्परिक पारसी रंगमंच के वातावरण में बीता। उन्होंने हबीब तनवीर और रंजील कपूर जैसे दिग्गजों के साथ कार्य किया। वे अभिनेता अन्नू कपूर की बहन और स्वर्गीय ओम पुरी की पत्नी हैं। उनके प्रमुख कार्यों में 'हाट द वीकली बाजार', 'मिस्टर कबाड़ी' और 'अभय' (राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता बाल फिल्म) शामिल हैं। उन्हें 'थर्ड आई एशियन फिल्म फेस्टिवल' और 'जागरण इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल' में भी सम्मानित किया गया है।
ओपन फोरम और टॉक शूज का कार्यक्रम
महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न विषयों पर ओपन फोरम टॉक शोज का आयोजन किया जाएगा:
- 1 फरवरी (3:00 - 4:00 PM): "OTT Raga: Crafting Stories in the Streaming Era" विषय पर चर्चा।
- 2 फरवरी: सिनेमा में क्षेत्रीय भाषाओं की भूमिका और राजस्थानी भाषा की मान्यता पर सत्र।
- 3 फरवरी: "सिनेमा के माध्यम से पर्यटन, निवेश और संस्कृति का संवर्धन" विषय पर संवाद।
- 4 फरवरी (12:15 PM): "महिला, संस्कृति और सिनेमा" विषय पर चर्चा।
- 4 फरवरी (2:00 PM): "Cinemasthan: Panorama of Cinema in Rajasthan" विषय पर सत्र।
कल्चरल ब्रांड एम्बेसडर: जापानी महिला 'राजस्थानी मधु'
आज राजस्थानी मधु जापान में घूमर और कालबेलिया नृत्यों का शिक्षण देती हैं और भारतीय एवं जापानी संस्कृतियों के बीच एक सशक्त सांस्कृतिक सेतु के रूप में कार्य कर रही हैं। राजस्थान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (रिफ) 2026 के लिए मायूमी उर्फ राजस्थानी मधु को कल्चरल ब्रांड एंबेसेडर बनाया गया है। टोक्यो (जापान) की रहने वाली मायूमी ने विख्यात कलाकार आशा सपेरा से प्रशिक्षण प्राप्त किया। वे मंचीय प्रस्तुतियों, सोशल मीडिया और हिंदी भाषा सिखाने के जरिए दोनों देशों को जोड़ने का कार्य कर रही हैं।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
