राजस्थान आवासन मण्डल की 30वीं खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न, मुख्यालय बना जनरल चैंपियन
जयपुर में आयोजित चार दिवसीय प्रतियोगिता में मुख्यालय ने एथलेटिक्स और बास्केटबॉल में मारी बाजी, सचिव गोपाल सिंह ने विजेताओं को किया पुरस्कृत।

जयपुर, 22 मार्च। राजस्थान आवासन मण्डल के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय 30वीं कर्मचारी खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ, जिसमें खेल भावना और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। मानसरोवर स्थित नीरजा मोदी स्कूल में आयोजित समापन समारोह में चारों जोनों के खिलाड़ियों के बीच कड़े मुकाबले के बाद मुख्यालय ने अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए 'जनरल चैंपियनशिप' पर कब्जा जमाया। केन्द्रीय अनुशासन समिति एवं राजस्थान आवासन मण्डल कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष मोहन सिंह, महामंत्री रमेश चन्द शर्मा एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोविन्द नाटाणी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस चार दिवसीय आयोजन में विभिन्न खेल विधाओं के फाइनल मुकाबले संपन्न हुए। केन्द्रीय खेलकूद संचालन समिति के संयोजक मधुर मलिक एवं आयोजन सचिव रोहित सिंह के अनुसार टेबल टेनिस, क्रिकेट, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, कैरम और बैडमिंटन की अंतिम प्रतिस्पर्धाओं के साथ-साथ लंबी कूद और ऊंची कूद जैसी एकल प्रतियोगिताओं में भी मुख्यालय के खिलाड़ियों ने विजेता बनकर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की।
प्रतियोगिता के अंतिम सत्र में समावेशी दृष्टिकोण अपनाते हुए महिला कार्मिकों के लिए तेज चाल, म्यूजिकल चेयर एवं बैडमिंटन के साथ ही 55 वर्ष से अधिक आयु के अधिकारियों के लिए बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कैरम, रस्साकसी एवं तेज चाल की स्पर्धाएं आयोजित की गईं। विशेष रूप से, समापन दिवस पर दिव्यांग कर्मचारियों की खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन आकर्षण का केंद्र रहा। समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान आवासन मण्डल के सचिव श्री गोपाल सिंह थे, जबकि अध्यक्षता मुख्य अभियंता अमित अग्रवाल द्वारा की गई। राजस्थान आवासन बोर्ड कर्मचारी संघ के कार्यकारी अध्यक्ष दारा सिंह एवं संयुक्त महासचिव मनुज ठाकुर ने बताया कि मुख्य अतिथि द्वारा दोपहर 2:00 बजे विजेता टीमों और प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त खिलाड़ियों को पारितोषिक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान के तनावग्रस्त समय में शारीरिक और मानसिक व्याधियों से बचने के लिए खेल एक सशक्त माध्यम हैं। खेलकूद न केवल शारीरिक और व्यावसायिक कार्यक्षमता का विस्तार करते हैं, बल्कि कर्मचारियों में आपसी जुड़ाव, बंधुत्व और सद्भाव की भावना का संचार भी करते हैं। प्रतियोगिता के परिणामों में टेबल टेनिस, बास्केटबॉल, फुटबॉल, शतरंज और एथलेटिक्स में मुख्यालय टीम चारों जोनों में प्रथम रही, वहीं वॉलीबॉल में जोन तृतीय और क्रिकेट में जोन-द्वितीय ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी धाक जमाई। यह आयोजन मण्डल परिवार के लिए न केवल प्रतिस्पर्धा बल्कि नई ऊर्जा के संचार का माध्यम बनकर संपन्न हुआ।

