राजस्थान आवासन मण्डल मुख्यालय पर शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। आवासन आयुक्त श्री अरविन्द पोसवाल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, जिसके बाद राष्ट्रगान हुआ। उन्होंने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

आवासन आयुक्त श्री अरविन्द पोसवाल ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि यह दिवस राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा के संकल्प को दोहराने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखण्डता को मजबूत बनाए रखना तथा राष्ट्र की प्रगति में सतत योगदान देना हम सबका प्राथमिक दायित्व है।

उन्होंने कहा कि संविधान की मूल भावना के अनुरूप आचरण और व्यवहार करते हुए देश में शांति और भाईचारे की परम्पराओं को अक्षुण्ण रखना हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के दौरान गीतकारों ने भी देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां दीं। देशभक्ति के तरानों और ‘सारे जहाँ से अच्छा हिंदुस्ता हमारा’ जैसे गीतों से राष्ट्रभक्ति की रसधार बही और उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के अंत में स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद ‘भारत माता की जय’ के गगनभेदी नारों के साथ समारोह का समापन हुआ।

इस अवसर पर सचिव श्री गोपाल सिंह, मुख्य अभियंता श्री अमित अग्रवाल, श्री तेजवीर सिंह मीणा, श्री के.के. दीक्षित सहित अन्य उच्च अधिकारी, अभियंता एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

इस प्रकार राजस्थान आवासन मण्डल मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह राष्ट्रभक्ति, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान के स्मरण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।

Updated On
Next Story