होमगार्ड विभाग की समीक्षा बैठक: मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने दिए निर्देश
बैठक के दौरान गृह रक्षा स्वयंसेवकों के कल्याण, आधुनिकीकरण और रिक्त पदों पर जल्द नामांकन प्रक्रिया शुरू करने को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

जयपुर स्थित निदेशालय में आयोजित बैठक के दौरान 'राजस्थान गृह रक्षा प्राथमिकताएँ-2026' पुस्तिका का विमोचन करते हुए मंत्री बाबूलाल खराड़ी, महानिदेशक मालिनी अग्रवाल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी।
जनजातीय क्षेत्रीय विकास एवं गृह रक्षा विभाग के मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने मंगलवार को निदेशालय गृह रक्षा, जयपुर में गृह रक्षा विभाग की व्यापक समीक्षा बैठक लेकर विभागीय कार्यों, स्वयंसेवकों के कल्याण तथा संगठन के आधुनिकीकरण को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए। बैठक में महानिदेशक गृह रक्षा श्रीमती मालिनी अग्रवाल, महानिरीक्षक गृह रक्षा श्री राजेश मीना, शासन उप सचिव गृह (आ.प्र.) श्रीमती सोविला माथुर, गृह विभाग के सलाहकार श्री कैलाश चौधरी सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान विभागीय अधिकारियों ने गृह रक्षा संगठन की वर्तमान स्थिति, उपलब्धियों और कार्यप्रणाली पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। प्रस्तुतीकरण में स्वयंसेवकों के नियोजन, प्रशिक्षण व्यवस्था, विभागीय प्रबंधन प्रणाली, प्रशासनिक सुधारों तथा संगठन को अधिक प्रभावी और आधुनिक बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई। इसके साथ ही होमगार्ड स्वयंसेवकों को मुख्यधारा में अधिक प्रभावी रूप से नियोजित करने संबंधी विभिन्न प्रस्तावों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
समीक्षा बैठक में मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने विभागीय कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्वयंसेवक का अर्थ स्वप्रेरणा से समाज और राष्ट्र की सेवा करना है। उन्होंने कहा कि गृह रक्षा स्वयंसेवक अल्प मानदेय के बावजूद कोरोना महामारी, बाढ़, आगजनी तथा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं, जो अत्यंत सराहनीय है।
बैठक के दौरान मंत्री ने ‘राजस्थान गृह रक्षा प्राथमिकताएँ-2026’ पुस्तिका का विमोचन भी किया। उन्होंने शहरी गृह रक्षा स्वयंसेवकों के नियोजन में होमगार्ड डिप्लॉयमेंट मैनेजमेंट सॉफ्टवेयर के माध्यम से अपनाई जा रही पारदर्शी व्यवस्था की प्रशंसा करते हुए इसे विभागीय सुधारों की महत्वपूर्ण पहल बताया।
मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने स्वयंसेवकों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात दोहराते हुए विभागीय कल्याण कोष से जुड़े मामलों, दैनिक भत्ते तथा अन्य लंबित प्रस्तावों का शीघ्र निस्तारण कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिकारियों को गृह रक्षा स्वयंसेवकों के रिक्त पदों पर जल्द से जल्द नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए।
बैठक के अंत में मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने विभागीय अधिकारियों और कार्मिकों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा और आपदा प्रबंधन में गृह रक्षा विभाग की भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए संगठनात्मक सुधार, स्वयंसेवकों का कल्याण तथा आधुनिक कार्यप्रणाली पर लगातार कार्य किया जाना आवश्यक है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
