राजस्थान में गृह रक्षा स्वयंसेवकों के नियोजन को बढ़ाने और ड्यूटी आवंटन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विभाग ने अपनी कार्यप्रणाली को मजबूत करने पर जोर दिया है। इसी सिलसिले में गृह रक्षा विभाग की राज्य स्तरीय कमांडेंट कॉन्फ्रेंस में स्वयंसेवकों के नियोजन, ड्यूटी रोटेशन, अनुशासन और महिला स्वयंसेवकों की सुरक्षा सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों की समीक्षा की गई।

गृह रक्षा विभाग, राजस्थान की यह कॉन्फ्रेंस गुरुवार 19 नवंबर को जयपुर के फतेहपुरा बेगस स्थित केन्द्रीय प्रशिक्षण संस्थान (सीटीआई) में आयोजित हुई। महानिदेशक एवं महासमादेष्टा गृह रक्षा अनिल पालीवाल (आईपीएस) की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभाग के प्रशासनिक, वित्तीय और कार्यप्रणाली से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। इस दौरान सरकारी विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों (पीएसयू), निजी कंपनियों और विभिन्न प्रतिष्ठानों में गृह रक्षा स्वयंसेवकों के नियोजन के अवसर बढ़ाने को प्राथमिकता दी गई।

कॉन्फ्रेंस में महानिदेशक अनिल पालीवाल ने प्रदेश के विभिन्न जिला प्रशिक्षण केन्द्रों से आए समादेष्टाओं के साथ व्यक्तिगत संवाद किया। उन्होंने क्षेत्रीय स्तर पर विभागीय कामकाज के दौरान सामने आ रही समस्याओं और चुनौतियों की जानकारी ली तथा अधिकारियों से सुझाव प्राप्त किए। साथ ही, समस्याओं के त्वरित और व्यावहारिक समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देश दिए।

स्वयंसेवकों के नियोजन में वृद्धि के लिए ऑनलाइन नियोजन सॉफ्टवेयर एचडीएमएस का प्रभावी इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही ड्यूटी रोटेशन प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने, जिला इकाइयों में अनुशासन मजबूत करने और ड्यूटी रोटेशन से जुड़े आदेशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। विभागीय जांचों का निष्पक्ष एवं त्वरित निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में विभाग को आवंटित बजट का पूर्ण उपयोग सुनिश्चित करने के साथ लंबित न्यायालय प्रकरणों और ऑडिट आक्षेपों के निस्तारण की समीक्षा की गई। भंडार एवं हथियारों के उचित रख-रखाव से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा आगामी 6 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाले गृह रक्षा स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा की गई।

महानिरीक्षक पुलिस गृह रक्षा राजेश मीना (आईपीएस) ने अधिकारियों को मुख्यालय से जारी परिपत्रों, स्थायी आदेशों और अन्य निर्देशों का गहन अध्ययन करने को कहा। उन्होंने अधीनस्थ कार्मिकों एवं स्वयंसेवकों की समस्याओं के समाधान के लिए नियमित संवाद बनाए रखने और स्वयंसेवकों के नियोजन के अवसर बढ़ाने के लिए व्यक्तिगत स्तर पर प्रयास करने के निर्देश दिए।

कॉन्फ्रेंस के समापन सत्र में महानिदेशक एवं महासमादेष्टा अनिल पालीवाल ने स्वयंसेवकों के अधिकाधिक नियोजन के प्रयासों को प्रभावी बनाने और बेहतर सुपरवाइजरी मॉडल विकसित करने के लिए सभी समादेष्टाओं से सुझाव मांगे। उन्होंने नियोजन स्थलों पर महिला स्वयंसेवकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

राज्य स्तरीय कमांडेंट कॉन्फ्रेंस में विभाग के उप महासमादेष्टा प्रथम एवं द्वितीय, निदेशक केन्द्रीय प्रशिक्षण संस्थान, वित्तीय सलाहकार, सीनियर स्टाफ ऑफिसर प्रथम एवं द्वितीय सहित प्रदेश के समस्त सीमा गृह रक्षा दल और गृह रक्षा प्रशिक्षण केन्द्रों के समादेष्टा एवं उप समादेष्टाओं ने भाग लिया। कॉन्फ्रेंस में लिए गए निर्देशों के जरिए स्वयंसेवकों के नियोजन में वृद्धि, ड्यूटी आवंटन में पारदर्शिता, विभागीय अनुशासन और महिला स्वयंसेवकों की सुरक्षा को लेकर विभागीय कार्यप्रणाली को मजबूत करने पर जोर दिया गया।

Next Story