राजस्थान में नौतपा के दौरान लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए मुख्यमंत्री Bhajanlal Sharma ने “एक्स” के माध्यम से प्रदेशवासियों से स्वास्थ्य सुरक्षा और सामाजिक सहयोग बनाए रखने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में अत्यधिक तापमान और लू का प्रभाव गंभीर स्थिति पैदा कर रहा है, ऐसे में सभी नागरिक अपने स्वास्थ्य और परिवार की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

मुख्यमंत्री ने लोगों से पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थ का सेवन करने की सलाह देते हुए कहा कि बच्चों, बुजुर्गों और अस्वस्थ व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने अत्यधिक धूप में बाहर निकलने से बचने तथा प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भारतीय संस्कृति सेवा, संवेदनशीलता और परोपकार की भावना से ओत-प्रोत रही है। ऐसे कठिन समय में जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए आगे आना सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सार्वजनिक स्थानों पर प्याऊ, छांव और शीतल जल की व्यवस्था में जनसहभागिता निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने पशु-पक्षियों के प्रति संवेदनशीलता दिखाने की भी अपील करते हुए कहा कि उनके लिए पानी और दाने की व्यवस्था कर जीव मात्र के प्रति जिम्मेदारी और करुणा का परिचय दिया जाए। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रदेशवासियों की सजगता, संवेदनशीलता और सहयोग से इस भीषण गर्मी का सामना सुरक्षित और सामूहिक रूप से किया जा सकेगा। उन्होंने सभी नागरिकों के उत्तम स्वास्थ्य और सुरक्षा की कामना भी की।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story