गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार देवस्थान विभाग द्वारा 29 जुलाई को सम्पूर्ण प्रदेश में संतों और महंतों के सम्मान के लिए ‘‘गुरु वंदन कार्यक्रम’’ आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के तहत प्रदेशभर में 516 संत-महंतों का उनके आश्रम, मठ अथवा मंदिर पर जाकर सम्मान एवं अभिनंदन किया जाएगा।

देवस्थान आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी ने बताया कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर प्रदेश के समस्त जिलों में आयोजित होने वाले ‘‘गुरु वंदन कार्यक्रम’’ के दौरान संतों और महंतों को मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा का विशेष ‘‘गुरु वंदन संदेश’’ भेंट किया जाएगा। देवस्थान मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने भी गुरु पूर्णिमा पर ‘‘गुरु वंदन कार्यक्रम’’ के माध्यम से गुरुजनों और संतों का वंदन करते हुए शुभकामनाएं दी हैं।

देवस्थान विभाग ने संतों के सम्मान में आयोजित इस कार्यक्रम के लिए जिलेवार अधिकारियों की नियुक्ति की है। नियुक्त अधिकारी संबंधित क्षेत्रों में चिन्हित मठ-मंदिरों पर जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन की उपस्थिति में पहुंचकर संत-महंतों का सम्मान एवं अभिनंदन करेंगे।

अतिरिक्त आयुक्त देवस्थान गितेश श्री मालवीया ने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार गुरु पूर्णिमा पर संतों-महंतों के सम्मान कार्यक्रम को पूर्ण श्रद्धाभाव और गरिमा के साथ आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भारतीय संस्कृति में गुरु पूर्णिमा का दिवस गुरु, संतों एवं महंतों के सम्मान और अभिनंदन का पर्व है, जिसके माध्यम से समाज द्वारा संतों के प्रति सम्मान एवं श्रद्धा का भाव प्रकट किया जाता है।

देवस्थान विभाग के अनुसार इस महत्वपूर्ण आयोजन की समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर संत एवं महंत को सम्मान स्वरूप मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की ओर से प्रेषित ‘‘गुरु वंदन संदेश’’, श्रीफल, शॉल, दुपट्टा, मिठाई और 2100 रुपये नकद भेंट कर अभिनंदन किया जाएगा। प्रदेशभर में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम संतों और महंतों के सम्मान की प्रशासनिक पहल के रूप में आयोजित किया जाएगा।

Next Story