राजस्थान जीएसटी राजस्व: अक्टूबर 2026 में 7,047 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड संग्रह
प्रदेश में कर अनुपालन और प्रभावी निगरानी से एक ही महीने में जीएसटी एवं वैट से अब तक की सर्वाधिक आय हुई है।

राजस्थान ने जीएसटी लागू होने के बाद अक्टूबर 2026 में राजस्व संग्रहण का अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड कायम किया है। प्रदेश के कर विभाग ने GST एवं VAT के जरिए एक ही महीने में 7,047.27 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है। 1 जुलाई 2017 को जीएसटी लागू होने के बाद यह किसी भी महीने में दर्ज किया गया सर्वाधिक राजस्व संग्रहण है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन तथा मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास के दिशा-निर्देशन और प्रमुख शासन सचिव (कर) की नियमित मॉनिटरिंग के बीच विभाग ने यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास राजस्व संग्रहण बढ़ाने और कर प्रशासन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए नियमित समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं। वहीं, प्रमुख शासन सचिव के स्तर पर राजस्व संग्रहण की निरंतर समीक्षा, अधिकारियों के साथ समन्वय, लक्ष्य आधारित कार्ययोजना और प्रगति की सतत निगरानी की जा रही है।
इन प्रयासों से कर अनुपालन को बढ़ावा देने, कर चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने और राजस्व संग्रहण की व्यवस्था को मजबूत बनाने में मदद मिली है। इसके साथ ही करदाताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा कर प्रशासन को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर 2026 में प्राप्त 7,047.27 करोड़ रुपये का राजस्व मार्च 2026 में दर्ज पिछले सर्वाधिक मासिक संग्रहण 6,826.60 करोड़ रुपये से भी अधिक रहा। इस बार विभाग ने अपने ही पुराने रिकॉर्ड को 220.67 करोड़ रुपये से पीछे छोड़ते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
पिछले वर्ष के अक्टूबर माह की तुलना में भी राजस्व संग्रहण में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अक्टूबर 2025 में GST एवं VAT से 6,303.88 करोड़ रुपये प्राप्त हुए थे, जबकि अक्टूबर 2026 में यह आंकड़ा बढ़कर 7,047.27 करोड़ रुपये पहुंच गया। इस तरह एक वर्ष में 743.39 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई, जो लगभग 11.79 प्रतिशत है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल से अक्टूबर तक प्रदेश का कुल GST एवं VAT राजस्व संग्रहण 44,034.09 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है। यह उपलब्धि कर प्रशासन की प्रभावशीलता, कर अनुपालन में सुधार और राजस्व संग्रहण को सुदृढ़ बनाने के लिए राज्य सरकार तथा कर विभाग की ओर से किए जा रहे निरंतर प्रयासों को दर्शाती है।
अक्टूबर में रिकॉर्ड राजस्व संग्रहण से राजस्थान के राजस्व आधार को मजबूती मिली है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व, मुख्य सचिव के दिशा-निर्देशन और प्रमुख शासन सचिव की नियमित समीक्षा एवं मॉनिटरिंग के बीच कर विभाग ने नया मुकाम हासिल किया है। विभाग ने भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ राजस्व संग्रहण के नए कीर्तिमान स्थापित करने के प्रयास जारी रखने की बात कही है।

